HEADLINES

उच्च न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत ने 401 मामले निपटाए

इलाहाबाद हाईकाेर्ट

–चौदह करोड़ अट्ठाइस लाख तीस हजार चार सौ छह रुपये प्रतिकर के तौर पर दिलाए

प्रयागराज, 13 सितम्बर (Udaipur Kiran) । इलाहाबाद उच्च न्यायालय में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ने सुलह समझौते के आधार पर 401 मामलों का निस्तारण किया। साथ ही इन मामलों को निस्तारित कर पक्षकारों को चौदह करोड़ अट्ठाइस लाख तीस हजार चार सौ छह रुपये प्रतिकर के तौर पर दिलाए।

उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक व मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली एवं उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देश और उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में चार पीठ का गठन किया गया।

इनमें न्यायमूर्ति डॉ योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव, न्यायमूर्ति संजय कुमार पचौरी, न्यायमूर्ति विकास बुधवार एवं न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की पीठ ने कुल 401 वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर किया। साथ ही इन मामलों के निस्तारण से पक्षकारों को 14,28,30,406 रुपये प्रतिकर के रूप में दिलाए। महानिबंधक राजीव भारती एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के सचिव कीर्ति कुणाल ने आयोजन की सफलता के लिए सभी का आभार जताया। लोक अदालत पीठ के सफल क्रियान्वयन में अधिवक्ता देवेश विक्रम, ओम प्रकाश मिश्र, फुजैल अहमद अंसारी व अम्बरीश शुक्ल, उच्च न्यायालय के न्यायिक अधिकारी आलोक दुबे, रजनीश कुमार, कामेश शुक्ल व योगेश दुबे तथा विधिक सेवा समिति के कर्मचारी सुनील कुमार विश्वकर्मा, मो तहसीन, अमित कुमार सिंह, अनुराग वर्मा व निधि मिश्रा ने विशेष सहयोग किया।

—————

(Udaipur Kiran) / रामानंद पांडे

Most Popular

To Top