
जौनपुर,13 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में जौनपुर जनपद के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्थित इंजीनियरिंग संस्थान में शनिवार को अमर शहीद उमानाथ सिंह की 31वीं पुण्यतिथि मनाई गई। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह और शहीद स्व. उमानाथ सिंह के पुत्र पूर्व सांसद डॉ. केपी सिंह ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया।
इस दौरान कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि शहीद उमानाथ सिंह का बलिदान, समर्पण और उनके द्वारा किए गए कार्य देश, धर्म और समाज के लिए अनमोल है। उनका योगदान हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है और उन्हें हम भुला नहीं सकते। देश की सेवा में उनके अद्भुत संघर्ष और आत्मबलिदान को आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी।
पूर्व सांसद डॉ. केपी सिंह ने शहीद उमानाथ सिंह के जीवन एवं उनके राजनीतिक संघर्ष को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्हाेंने कहा कि वे 13 अगस्त 1938 को जौनपुर के महरूपुर गांव में एक संस्कारवान परिवार में जन्में। बाल्यकाल से ही उन्होंने उत्तरदायित्व, धीरता और राष्ट्रप्रेम का परिचय दिया। वर्ष 1957 में भारतीय जनसंघ से जुड़कर उन्होंने राष्ट्रसेवा का कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने 1957 के खाद्य आन्दोलन, 1975 के आपातकाल एवं 1990 के राम जन्मभूमि आंदोलन में भाग लेते हुए जेल यात्रा भी की। उनकी ईमानदारी, सादगी और संघर्षशीलता हमेशा याद की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रो. राजकुमार, प्रो. संतोष कुमार, डॉ. राम नरेश यादव, डॉ. दिव्येंदु मिश्र, श्याम त्रिपाठी, रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे और शहीद उमानाथ सिंह के प्रति अपने भाव प्रकट किए।—————
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
