Madhya Pradesh

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चम्बल नदी में क्रूज़ की सवारी की और गुनगुनाए गीत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चम्बल नदी में क्रूज़ की सवारी की

– अंधेरे के कारण नहीं उड़ सका मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर, हिंगलाज रिसोर्ट में ही करेंगे रात्रि विश्राम

भोपाल, 12 सितम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की रात मंदसौर जिले के प्रवास के दौरान गांधीसागर में चम्बल नदी की अद्भुत और मनमोहक छटा का अनुभव करते हुए क्रूज़ की सवारी की। इस दौरान उन्होंने गीत भी गुनगुनाए तथा क्रूज़ में बज रहे गीतों का आनंद लेकर सभी के बीच एक आत्मीय माहौल बना दिया।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम को मंदसौर जिले में गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट का शुभारंभ करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद अंधेरा होने के कारण मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर नहीं उड़ सकता था, इसलिए वे अब गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के पास हिंगलाज रिसोर्ट में ही रात्रि विश्राम कर रहे हैं। शनिवार को सुबह भोपाल रवाना होंगे।

देर रात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांधीसागर में क्रूज की सवारी का लुत्फ उठाया। उन्होंने चंबल नदी की निर्मल धाराओं पर आगे बढ़ते हुए प्रकृति की गोद में कुछ समय बिताया। हरियाली से आच्छादित नदी किनारे, घने वृक्षों की श्रृंखलाएँ और पक्षियों का कलरव एक अलौकिक वातावरण प्रस्तुत कर रहे थे। कभी लहरों की मधुर ध्वनि तो कभी ठंडी हवाओं का स्पर्श, इन सबने यात्रा को और भी रोमांचक एवं आनंददायी बना दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चम्बल का यह नैसर्गिक सौंदर्य प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देगा। यहाँ की स्वच्छ जलधारा और प्राकृतिक वातावरण न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि प्रकृति प्रेमियों को भी आत्मिक सुकून प्रदान करेगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top