
धमतरी, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) ।नगर के ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर मंगल भवन कुरुद में 12 सितंबर को समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महोत्सव समिति अध्यक्ष अनिल चन्द्राकर ने की। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष संपन्न होने के बाद 26 वें वर्ष का यह आयोजन और भी भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में किया जाएगा। बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महोत्सव की रूपरेखा पर अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत किए।
नगर कुरुद का दशहरा महोत्सव न केवल नगर बल्कि पूरे जिले और प्रदेश स्तर पर अपनी खास पहचान रखता है। इस बार भी महोत्सव के अंतर्गत नवरात्रि से शुरू होकर दशहरा तक कुल सात बड़े आयोजन किए जाएंगे। इनमें मीना बाजार, अभिव्यक्ति कला मंच द्वारा राम-रावण संवाद तथा छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन नगर दशहरा महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक अजय चन्द्राकर के सहयोग से संपन्न होगा।
नगरपालिका कुरुद द्वारा महोत्सव मैदान को भव्य स्वरूप देने के लिए कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए उपसमितियां एवं प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। बैठक में महोत्सव समिति के महासचिव भानु चन्द्राकर, कोषाध्यक्ष बसंत सिन्हा, पार्षद महेन्द्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, कविता चन्द्राकर, मनीष साहु, रवि मानिकपुरी सहित कई वार्ड प्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद उपस्थित रहे। सदस्यगणों में शेखर चन्द्राकर, भोजराज चन्द्राकर, प्रभात बैस, चंदन शर्मा, किशोर यादव, कमल शर्मा, बादल चन्द्राकर, संतोष बैस समेत बड़ी संख्या में नवसदस्य भी शामिल हुए। मीडिया प्रभारियों में जमाल रिज़वी, दीपक साहू एवं चंदन शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में नगरपालिका के मुख्य अधिकारी गुप्ता सहित कर्मचारीगण मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
