
सिरसा, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों में युवा प्रतिभाओं को राष्ट्र व विश्व स्तर पर और अधिक अवसर प्रदान करने के लिए सांसद खेल महोत्सव को करवाए जाने की एक बड़ी पहल की है, जिसमें से देशभर की युवा प्रतिभाएं अपने परिवार व राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी। सांसद बराला ने शुक्रवार को सिरसा के पंचायत भवन में सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग, खेल विभाग व पंचायत विभाग से जुड़े अधिकारियों, खेल गतिविधियों से जुड़ी संस्थाएं व कोच व शारीरिक शिक्षक मुख्य रूप से शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि सिरसा का खेलों के मामले में पहले भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। यहां सरदारा सिंह, सविता पूनिया जैसे हॉकी के बड़े खिलाड़ी राष्ट्र के लिए खेलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद युवा महोत्सव को एक त्योहार की तरह आयोजित करना है, इसमें सबकी भागीदारी जरूरी है। इस खेल में नौ सामुहिक गेम व छह व्यक्तिगत गेम में युवा अपना पंजीकरण करवा कर खेल सकते हैं, जो 29 अगस्त से शुरू होकर 20 सितंबर तक पंजीकरण किया जा सकता है, 21 सितंबर को पहली प्रतियोगिता शुरु हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सिरसा के युवा बड़ी प्रतिभावान और आत्मविश्वास से सुदृढ हैं, जो एक बार ठान लेते हैं तो उसे निर्धारित लक्ष्य तक लेकर जाते हैं।
भाजपा जिला प्रभारी एवं चेयरमैन वेद फूला ने कहा कि 20 सितंबर तक खेलों का पंजीकरण होगा और 21 सितंबर से खेल गतिविधियां शुरू की जाएगी। सबसे पहले क्यूआर कोड के माध्यम से खिलाड़ी को आवेदन करना होगा और इस आवेदन के बाद वह व्यक्तिगत और सामूहिक खेल में अपना पंजीकरण कर सकता है। सबसे पहले ब्लॉक स्तर पर गेम आयोजित होंगे, जो 21 सितंबर से 10 नवंबर तक चलेंगे, 11 नवंबर से 10 दिसंबर तक विधानसभा स्तर पर खेल मुकाबले होंगे, 11 दिसंबर से लोकसभा स्तर पर खेल मुकाबले शुरू होंगे, जो 25 दिसंबर तक चलेंगे। उन्होंने बताया कि पूरा खेल महोत्सव 96 दिनों तक चलेगा। इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक मक्खन लाल सिंगला, प्रदेश संगठन सचिव सुरेंद्र आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष शीशपाल कंबोज, पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह राही, जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, अमन चोपड़ा, श्याम बजाज, हनुमान कुंडू आदि मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
