Delhi

अभाविप का प्रचार अभियान तेज, विभिन्न कॉलेजों का दौरा कर किया संवाद

डूसू चुनाव में अभाविप के उम्मीदवार प्रचार करते हुए।

नई दिल्ली, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में विभिन्न पदाें पर प्रत्याशियाें की घाेषणा के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का प्रचार अभियान अब जोर पकड़ने लगा है। इसी के मद्देनजर शुक्रवार काे केंद्रीय पैनल के उम्मीदवारों ने विभिन्न कॉलेजों का दौरा कर छात्रों से संवाद किया और समर्थन मांगा। डूसू चुनाव 18 सितंबर को होंगे और परिणाम 19 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

अभाविप ने अध्यक्ष पद पर आर्यन मान, उपाध्यक्ष पर गोविंद तंवर, सचिव पर कुणाल चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर दीपिका झा को प्रत्याशी घोषित किया है। उम्मीदवारों ने हिन्दू कॉलेज, मिरांडा हाउस, किरोड़ीमल कॉलेज, शिवाजी कॉलेज सहित कई कैंपस में प्रचार किया और परिषद की उपलब्धियां बताईं।

अभाविप की ओर से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार आर्यन मान ने कहा कि यू-स्पेशल बस सेवा, किफायती मेट्रो पास और खेल सुविधाओं में वृद्धि जैसे मुद्दों को छात्रों ने सराहा है और यही हमारा विजन है। वहीं संयुक्त सचिव पद की उम्मीदवार दीपिका झा ने छात्राओं के लिए एनसीसी सुविधा और गर्ल्स कॉमन रूम जैसी व्यवस्थाओं पर काम करने का संकल्प जताया।

अभाविप दिल्ली के प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि डूसू चुनाव विश्वविद्यालय का महापर्व है और छात्रों का मिल रहा समर्थन चारों सीटों पर जीत सुनिश्चित करेगा। परिषद जल्द ही छात्रों के सुझावों पर आधारित घोषणापत्र जारी करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top