Delhi

अभाविप ने घोषित किए अपने उम्मीदवार, अध्यक्ष पद पर आर्यन मान को उतारा

अभाविप के डूसू चुनाव के उम्मीदवार।

नई दिल्ली, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। संगठन ने इस बार संतुलित और अनुभवशील टीम मैदान में उतारी है। अध्यक्ष पद के लिए आर्यन मान, उपाध्यक्ष पद के लिए गोविंद तंवर, सचिव पद के लिए कुणाल चौधरी और सह सचिव पद के लिए दीपिका झा को उम्मीदवार बनाया गया है।

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार आर्यन मान हरियाणा के बहादुरगढ़ से हैं। हंसराज कॉलेज से स्नातक करने के बाद वे वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय से लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई कर रहे हैं। खेलों में गहरी रुचि रखने वाले आर्यन फुटबॉल खिलाड़ी भी रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के विरोध और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई है।

उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोविंद तंवर हरियाणा से हैं और दयाल सिंह कॉलेज से स्नातक करने के बाद वर्तमान में बौद्ध अध्ययन विभाग में एमए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। वे बीते चार वर्षों से अभाविप की गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहे हैं और छात्र नेतृत्व में अपनी पहचान बनाई है।

सचिव पद के उम्मीदवार कुणाल चौधरी दिल्ली के रहने वाले हैं। पीजीडीएवी कॉलेज छात्रसंघ में 2023 में अध्यक्ष चुने जाने का अनुभव उनके पास है। वर्तमान में बौद्ध अध्ययन विभाग में परास्नातक कर रहे कुणाल छात्र आंदोलनों और कॉलेज की सुविधाओं को लेकर लगातार मुखर रहे हैं।

सह सचिव पद पर दीपिका झा को उतारा गया है। बिहार से ताल्लुक रखने वाली दीपिका ने लक्ष्मीबाई कॉलेज से स्नातक किया है और वर्तमान में बौद्ध अध्ययन विभाग की छात्रा हैं। वे सामाजिक सरोकार जैसे स्टूडेंट्स फॉर सेवा, बस्ती की पाठशाला और ऋतुमति अभियान में सक्रिय रही हैं।

अभाविप का मानना है कि यह टीम विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के साथ-साथ उनके हितों की भी रक्षा करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top