मुंबई, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के मुंबई में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा), मुंबई की ओर से नवरात्रि के दौरान भव्य मराठा डांडिया का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में मराठी संस्कृति का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम और मराठी डांडिया के आयोजक मिहिर कोटेचा शुक्रवार को संयुक्त रुप से प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी है। अमित साटम ने बताया कि इस वर्ष लगातार चौथे वर्ष छत्रपति संभाजी महाराज मैदान, कन्नमवार नगर, विक्रोली में भव्य मराठी डांडिया का आयोजन किया गया है। यह ‘मराठी डांडिया’ 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे पाँच दिनों तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष डांडिया का विषय ‘ऑपरेशन सिंदूर’ है।
मिहिर कोटेचा ने बताया कि मुंबई में पहला मराठी डांडिया भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू किया गया था। इस आयोजन का यह चौथा वर्ष है और इसकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इस वर्ष हमने विक्रोली के बड़े छत्रपति संभाजी महाराज मैदान को चुना है। प्रसिद्ध गायक अवधूत गुप्ते अपनी मधुर मराठी डांडिया प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही मराठी और बॉलीवुड फिल्म जगत के प्रसिद्ध कलाकार भी प्रतिदिन इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। हिंदू संस्कृति में आस्था रखने वाले किसी भी व्यक्ति को इस मराठी डांडिया में नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रसिद्ध मराठी संगीतकार और गायक अवधूत गुप्ते, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्याय और मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बान भी उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
