Bihar

केंद्रीय मंत्रियों को कोसी-मेची लिंक परियोजना को लेकर जल संसाधन मंत्री ने दी जानकारी

केंद्रीय मंत्रियों को कोसी-मेची लिंक परियोजना की जानकारी देने के दौरान जल संसाधन मंत्री बिहार और केंद्रीय मंत्री पाटिल

पटना, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । कोसी-मेची लिंक परियोजना को लेकर जल शक्ति मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी का आज पटना आगमन हुआ। पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर में बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने उनका स्वागत करते हुए महत्वाकांक्षी कोसी-मेची लिंक परियोजना के विषय में जानकारी दी एवं विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उक्त परियोजना के विषय में विस्तार से प्रकाश डाला।

बैठक के दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य रूप से इस परियोजना से 2.15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता सृजित होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जहां एक ओर, बाढ़ अवधि में कोसी नदी के अधिशेष जल को मेची नदी में पहुंचाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर, 41 किलोमीटर क्षेत्र में पूर्वी मुख्य नहर का पुनरुद्धार और मेची नदी का विस्तारीकरण होगा। इससे बाढ़ शमन भी हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के 15 सितंबर को प्रस्तावित पूर्णिया दौरे के क्रम में इस परियोजना के शिलान्यास होने की संभावना है। इस बाबत दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ आज कोसी-मेची क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया और परियोजना से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं का अवलोकन किया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल भी साथ थे।

बैठक में पश्चिमी कोसी नहर पुनर्स्थापन परियोजना एवं बागमती तटबंध परियोजना पर भी चर्चा हुई। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में बाढ़ सुरक्षा का स्तर सुदृढ़ होगा तथा तटबंधों, नहरों और रिंग बांधों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित होगी। साथ ही, आपदा के दौरान जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग मिलेगा और सिंचाई प्रणाली के विस्तार से किसानों को पर्याप्त जलापूर्ति प्राप्त होगी, जिससे कृषि उत्पादन में सुधार होगा। इन परियोजनाओं का सफल क्रियान्वयन न केवल वर्तमान में बाढ़ प्रबंधन और कृषि विकास में सहायक होगा बल्कि भविष्य के लिए एक स्थायी और दीर्घकालिक समाधान भी प्रदान करेगा।

पटना स्टेट हैंगर में बैठक के दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिहार में बाढ़ की मौजूदा स्थिति और उससे उत्पन्न चुनौतियों का विस्तार से उल्लेख किया एवं राज्य में प्रस्तावित परियोजनाओं की आवश्यकता एवं महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादन और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा बाढ़ नियंत्रण के कार्यों में भी सहयोग मिलेगा।

जल संसाधन मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर में आई बाढ़ से हमने महत्वपूर्ण सीख ली है। इस बार विभाग दोगुनी तैयारी के साथ काम कर रहा है। उन्होंने इस बाबत बाढ़ प्रबंधन हेतु अतिरिक्त निधि की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बतायी, ताकि बिहार में बाढ़ नियंत्रण के कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी तथा जल शक्ति मंत्रालय के वरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top