Jharkhand

अबुआ सरकार में हो रही आदिवासियों की हत्या और रैयतों की खेतिहर जमीन की लूट : बाबूलाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य प्रदर्शन करते हुए
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रदर्शन करतेहुए

रांची, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अबुआ सरकार में आदिवासियों की हत्याएं हो रही हैं और रिम्सी-2 के नाम पर रैयतों की खेतिहर जमीन लूटी जा रही है। उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा एक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता थे। चार बार लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़े। उन पर दर्ज मुकदमों से वे बरी होते जा रहे थे। 300 से अधिक गरीब बेसहारा बच्चों को पढ़ाते थे, उनके आवास भोजन की व्यवस्था करते थे। बाबूलाल गुरुवार को भाजपा रांची महानगर की ओर से आयोजित आक्रोश प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा के खान खनिज की बड़े पैमाने पर हो रही लूट का विरोध करने के कारण माफिया और बिचौलियों की आंख की किरकिरी बन गए थे। राज्य सरकार बिचौलियों, दलालों, खनिज माफियाओं की संरक्षक है और उनके इशारे पर सूर्या हांसदा की नृशंस हत्या कर दी गई। बाबूलाल ने कहा कि पुलिस का तथाकथित एनकाउंटर पूरी तरह फर्जी है, इसलिए भाजपा इस हत्या की सीबीआई जांच चाहती है ताकि दूध का दूध पानी का पानी हो सके।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वरुण साहू, विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्र, प्रदीप सिन्हा , सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, केके गुप्ता, महामंत्री बलराम सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, परमा सिंह, रमेश सिंह, संजय जायसवाल सहित दर्जनों महानगर के कार्यकर्ता शामिल हुए।

सूर्या हांसदा एनकाउंटर की हो सीबीआई जांच : रघुवर दास

कांके प्रखंड में प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जब पूरा झारखंड दिशोम गुरु शिबू सोरेन की मृत्यु के कारण शोकाकुल था, उनका श्राद्धकर्म चल रहा था, उस समय झारखंड की सिंडिकेट सरकार ने एक समाजसेवी और भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रहे आदिवासी युवक की फर्जी एनकाउंटर में हत्या कर दी। सबसे बड़ी बात है कि पुलिस के बयान में कहा गया कि 40-50 लोगों के दस्ते ने हमला कर दिया था। उन्होंने कहा कि मेरा सवाल है कि केवल सूर्या हांसदा को गोली कैसे लगी। आज तक किसी और की शिनाख्त नहीं कर पाई है। इससे ज्यादा इसके फर्जी होने का क्या प्रमाण होगा। सूर्या हांसदा की माता और पत्नी के अलावा हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता घटना की सीबीआइ जांच की मांग करते हैं।

आदिवासियों के बीच एक्सपोज हो चुकी है राज्य सरकार : सीपी

विधायक सीपी सिंह ने कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रही है। हत्या, लुट और बलात्कार की घटना से जनता त्राहिमाम कर रही है। खुद को अबुआ सरकार कहने वाली हेमंत सोरेन की सरकार में लगातार आदिवासियों का शोषण हो रहा है। सूर्या हांसदा का फर्जी एनकाउंटर हो या नगड़ी में जमीन लूटने की घटना सरकार अब आदिवासियों के बीच एक्सपोज हो चुकी है।

वहीं महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि हेमंत सरकार को सूर्या हांसदा फर्जी एनकाउंटर का जवाब देना होगा। जबतक सरकार घटना की सीबीआई जांच नहीं कराती भाजपा कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठने वाले।

इसके पूर्व भाजपा के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत पार्टी के महानगर के सैकडों कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक प्रदर्शन करते और झंडा– बैनर तख्तियां लिए हुए उपायुक्तत कार्यालय पहुंचे जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पार्टी की ओर से राज्यपाल के नाम पर उपायुक्त को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।

उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम राज्य के सभी 264 प्रखंडों में आयोजित किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top