Madhya Pradesh

(अपडेट) झाबुआः मुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रदेश की सवा करोड़ लाडली बहनों को देंगें 28 वीं किश्त की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ यादव

झाबुआ, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जिले के पेटलावद आएंगे और यहां आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजनान्तर्गत प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाडली बहनों के खाते में 28 वीं किश्त के रूप में डेढ़ हजार करोड़ से अधिक राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण करेंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों के खाते में भी राशि हस्तांतरण करेंगे, साथ ही 345.34 करोड़ लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण तथा झाबुआ के संजीवक पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के उक्त प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जहां व्यापक रूप से व्यवस्थाएं की गई है, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा भी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 सितंबर शुक्रवार को झाबुआ जिले के पेटलावद से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजनान्तर्गत प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाडली बहनों के खाते में 28 वीं किश्त के 1541 करोड़ से अधिक राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण करेंगे। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत की जाने वाली राशि अंतरण में झाबुआ जिले की 192453 लाडली बहने लाभान्वित होंगी, और उनके खाते में 23.60 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनान्तर्गत प्रदेश के 53.48 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों को 320.89 करोड़ से अधिक राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। इस योजना के अंतर्गत जिले के 61573 हितग्राही लाभान्वित होंगे। इनके खाते में 3.69 करोड़ से अधिक राशि का अंतरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव पेटलावद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी कनेक्शनधारी उपभोक्ता एवं गैर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना श्रेणी में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत पंजीकृत लाडली बहनों एवं विशेष पिछड़ी जनजाति की आर्थिक योजनान्तर्गत पंजीकृत महिलाओं को राशि रुपए 450 में गैस रिफिल की राशि का अंतरण भी करेंगे। जिसमें प्रदेश की 31 लाख से अधिक बहनों को 48 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया जाएगा एवं जिले के 32547 लाभार्थी को 42.78 लाख से अधिक की राशि का अंतरण किया जाएगा।

राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव झाबुआ जिले के 345.34 करोड़ लागत की राशि के 72 से अधिक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। उक्त लोकार्पण एवं भूमिपूजन में विभिन्न विभागों के 194.56 करोड़ लागत राशि के 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 150.78 करोड़ लागत राशि के 37 विकास कार्यों का लोकार्पण सम्मिलित है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों से जिला प्रशासन द्वारा तैयार जनजातीय आयुर्वेदिक परंपरा एवं चिकित्सा ज्ञान पर केंद्रित पुस्तक “झाबुआ के संजीवक” का विमोचन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिले में जड़ी बूटियों से उपचार का समृद्ध ज्ञान जनजातीय वर्ग में सदियों से विद्यमान है। जनजातीय संस्कृति एवं परंपरा के इस समृद्ध ज्ञान को विलुप्त होने से बचाने के लिए “डुंगर बाबा नी जड़ी बूटियों नु जोवनार” की जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जाकर दस्तावेजीकरण किया गया, और पुस्तक के रूप में संकलित किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बीपीएल परिवार के 11 दिव्यांग हितग्राहियों को दानदाताओं तथा दिव्यांगजनों के संयुक्त अंशदान राशि से चार पहिया पेट्रोल चलित मोटर साईकिल भेंट की जाएगी।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित प्रदर्शनियों का अवलोकन भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग मंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. कुँवर विजय शाह, कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Most Popular

To Top