
धरती धोरां री रचयिता की 106वीं जयंती पर पुष्पांजलि एवं काव्य चर्चा का आयोजन
जोधपुर, 11 सितम्बर (Udaipur Kiran) । राजस्थानी भाषा-साहित्य के ख्यातनाम कवि पद्मश्री कन्हैयालाल सेठिया की 106वीं जयंती पर जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के राजस्थानी विभाग द्वारा उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राजस्थानी काव्य पर साहित्यिक चर्चा का आयोजन किया गया।
कला संकाय अधिष्ठाता प्रोफेसर (डॉ.) मंगलाराम बिश्नोई ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि कन्हैयालाल सेठिया आधुनिक राजस्थानी के एक महान कवि थे जिन्होंने राजस्थानी कविता को विश्व स्तर पर एक नई पहचान दी। मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित कवि-आलोचक प्रोफेसर (डॉ.) कौशलनाथ उपाध्याय ने कन्हैयालाल सेठिया के गीति काव्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वो एक जनकवि थे जिनकी कविताएं आज भी लोक के कंठों में रची-बसी है।
इस अवसर पर उन्होंने सेठिया की राजस्थानी कविताओं का वाचन भी किया। मुख्य वक्ता प्रोफेसर (डॉ.) रामबक्श ने अपने उदबोधन में सेठिया के समग्र साहित्य पर आलोचनात्मक दृष्टि से विचार व्यक्त करते कहा कि वो आध्यात्म एवं दर्शन के कवि थे। उन्होनें सेठिया द्वारा रचित लोकप्रिय बोधगीत धरती धोरां री को विस्थापन के दर्द का सौन्दर्य बताकर नई दृष्टि से परिभाषित किया।
राजस्थानी विभागाध्यक्ष डॉ. गजेसिंह राजपुरोहित ने कहा कि कन्हैयालाल सेठिया के एक अद्भुत कवि है जिनके काव्य में सम्पूर्ण राजस्थान बोलता है। सहायक आचार्य डॉ. मीनाक्षी बोराणा ने सेठिया के काव्य में सांस्कृतिक पक्ष को उजागर करते हुए कहा कि राजस्थानी संस्कृति के पर्याय थे।
शोधार्थी विष्णुशंकर ने कन्हैयालाल सेठिया के काव्य में धरती प्रेम को उजागर करते हुए कहा कि वौ माटी की सौरम के कवि थे। साहित्यिक चर्चा के प्रारंभ में विभागाध्यक्ष डॉ. गजेसिंह राजपुरोहित ने अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया। कार्यक्रम में अंत में नरेन्द्र सिंह देवड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन माधोसिंह भाटी ने किया। इस अवसर पर शांतिलाल, जगदीश मेघवाल, मगराज सहित अनेक शोध-छात्र एवं विधार्थी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / सतीश
