Assam

तेजपुर सैन्य छावनी में क्षेत्र का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराया गया

Image of the Tallest National Flag in Region Unfurled at Tezpur Military Garrison.

तेजपुर (असम), 11 सितम्बर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय गौरव के भव्य उत्सव के रूप में आज तेजपुर सैन्य छावनी में 108 फीट ऊंचे ध्वजदंड पर तिरंगा फहराया गया। यह इस क्षेत्र का सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज है। भारत माता की जय के जयघोष के बीच तिरंगा आकाश को छूता हुआ शान, एकता और देशभक्ति का प्रतीक बनकर लहराता रहा।

इस अवसर पर जीओसी गजराज कोर, लेफ्टिनेंट जनरल गम्भीर सिंह ने सैनिकों, एनसीसी कैडेटों और विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सेवा और बड़े सपने देखने का आह्वान करते हुए सशक्त और सक्षम भारत के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में तेजपुर विश्वविद्यालय के कुलपति, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के सदस्य तथा 250 से अधिक स्थानीय निवासी, परिवारजन, शिक्षक और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। उनकी भागीदारी से समारोह का माहौल और भी उत्साहपूर्ण बन गया।

इस ऐतिहासिक प्रयास में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के मेजर जनरल असीम कोहली (सेवानिवृत्त) का विशेष सहयोग रहा। यह संस्था राष्ट्रीय ध्वज को गौरव, एकता और देशभक्ति के प्रतीक के रूप में समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करती है।

यह अविस्मरणीय आयोजन असम की जीवंत राष्ट्रीय चेतना और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनकर लंबे समय तक प्रेरणा देता रहेगा।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top