Jharkhand

सड़क हादसे में दंपति की मौत

Photo
Photo

बोकारो,11 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिले के बालिडीह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गोविंद मार्केट के पास गुरुवार को एक सड़क हादसे में एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।

मृत दंपति की पहचान घोड़ावालीडीह निवासी संजीव सिंह (40) और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों बाइक पर सवार होकर बाजार जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। संजीव सिंह बालिडीह क्षेत्र की एक इथेनॉल कंपनी में कार्यरत थे। उनके पीछे दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः आठ और 10 वर्ष बताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए और आक्रोश व्यक्त करते हुए सड़क जाम कर दिया। आंदोलित लोगों ने मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की और प्रशासन पर ट्रैफिक व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। जाम के कारण बालिडीह औद्योगिक क्षेत्र में यातायात काफी समय तक प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही बालिडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और ट्रैफिक नियंत्रण की अनदेखी से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है।

(Udaipur Kiran) / अनिल कुमार

Most Popular

To Top