नाहन, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । सामाजिक सेवा में अग्रणी दशमेश रोटी बैंक ने पंजाब में आई भारी बरसात और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। संस्था की टीम सिरमौर जिला के पांवटा साहिब से मेडिकल कीटों और अन्य आवश्यक राहत सामग्री के साथ रवाना हुई।
दशमेश रोटी बैंक के अध्यक्ष सरबजीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने बताया कि संस्था अब तक हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य कर रही थी, और अब पंजाब में आई बाढ़ के बाद वहां के प्रभावित लोगों को भी राहत पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था ने दो एंबुलेंस, डॉक्टरों की टीम, मेडिकल कीटों और रोजमर्रा की जरूरत की सामग्री की किटें तैयार कर पंजाब भेजी हैं। इन किटों में बीमारियों की रोकथाम से जुड़ा सामान भी शामिल है, ताकि बाढ़ के बाद उत्पन्न स्वास्थ्य संकट से लोगों को राहत दी जा सके।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि दशमेश रोटी बैंक हमेशा ही मानवता की सेवा को प्राथमिकता देता है। हिमाचल हो या पंजाब अथवा देश का कोई भी क्षेत्र, आपदा की घड़ी में प्रभावित लोगों की मदद के लिए संस्था हर संभव प्रयास करती है।
पंजाब रवाना हुई यह टीम प्रभावित इलाकों में जाकर जरूरतमंदों तक राहत सामग्री और चिकित्सा सेवाएं पहुंचाएगी। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने भी संस्था की इस पहल की सराहना की है।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
