मुंबई, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं
बढ़ रही हैं। इस समस्या से निपटने के लिए मुंबई मनपा ने रेबीज रोधी टीकाकरण अभियान
शुरू किया है। यह अभियान मुंबई शहर व उपनगरों में 15 मार्च 2026 तक चलाया जाएगा। विभिन्न पशु कल्याण
संगठनों की मदद से आवारा कुत्तों का टीकाकरण किया जाएगा।
मुंबई मनपा से मिली जानकारी के अनुसार कुत्तों के काटने से
होने वाली जानलेवा बीमारी रेबीज से बचाव के मनकसद से रेबीज मुक्त मुंबई की पहल की गई है। इसके तहत आवारा कुत्तों के
लिए सामूहिक रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। मुंबई वासियों से इस अभियान में सहयोग की अपील की गई है। मनपा आयुक्त
भूषण गगरानी के आदेश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
पशु चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख डॉ. कलीम पाशा पठान
ने बताया कि मनपा, पशु कल्याण
संगठनों जैसे यूथ ऑर्गनाइजेशन इन डिफेंस ऑफ एनिमल्स, उत्कर्ष ग्लोबल
फाउंडेशन और यूनिवर्सल एनिमल वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से 15 मार्च2026 तक आवारा
कुत्तों के टीकाकरण का अभियान चलाया जाएगा। बड़े पैमाने पर आवारा कुत्तों का
टीकाकरण करके रेबीज से होने वाली मानव मृत्यु की संख्या को कम करना है। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों, आवासीय समितियों, पशुपालकों और पशु
सेवकों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
