Chhattisgarh

कंडेल में एनएचएम कर्मचारियों का जल सत्याग्रह, 10 सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन

गौरव ग्राम कंडेल के तालाब में जल सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन करते हुए एनएचएम कर्मचारी।

धमतरी, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिले के एनएचएम कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल के 23वें दिन मंगलवार को गौरव ग्राम कंडेल में जल सत्याग्रह कर 10 सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। एनएचएम कर्मचारियों ने तालाब में उतरकर जमकर नारेबाजी करते हुए 25 कर्मचारियों की बर्खास्तगी के विरोध में राज्य सरकार के प्रति आक्रोश जताया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात थी।

छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ जिला इकाई धमतरी के तत्वावधान में 18 अगस्त से जिले के 550 से अधिक एनएचएम कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। इस दौरान विभिन्न तरीकों से प्रदर्शन कर राज्य सरकार का ध्यानकृष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के एनएचएम कर्मचारियों ने गौरव ग्राम कंडेल पहुंचकर जल सत्याग्रह किया। एनएचएम कर्मचारियों ने ग्राम कंडेल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद गांव में रैली निकालकर गलियों का भ्रमण करते हुए तालाब पहुंचे। इस दौरान सात पुरुष एवं तीन महिला सहित 10 कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर तालाब में उतरकर लगभग 45 मिनट जल सत्याग्रह किया।

एनएचएम संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि गौरव ग्राम कंडेल में वर्ष 1920 में नहर कर के लिए सत्याग्रह किया था। जिसमें मुख्य भूमिका निभाते हुए बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव और पंडित सुंदरलाल शर्मा के नेतृत्व में नहर सत्याग्रह किया गया था, जो कि सफल रहा और अंग्रेज द्वारा कर निर्णय को वापस लिया गया। इसी तारतम्य में दिसंबर 1920 में महात्मा गांधी धमतरी आए थे। गांधी के बताएं अहिंसा के मार्ग पर चल कर संविदा प्रथा से आजादी पाने के लिए ग्राम कंडेल में जल सत्याग्रह कर रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष एनएचएम कर्मचारी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top