
कानपुर, 07 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वाँ जन्मदिन सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी। भाजपा पार्टी 17 सितंबर से दो अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा चलाएगी। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत पार्टी सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा कार्य करेगी। इसकाे लेकर रविवार काे पार्टी की ओर से बैठक की गई।इस बैठक में बतौर मुख्य अतिथि कानपुर- बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल उपस्थित रहें। यह जानकारी रविवार को केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
कानपुर – बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन जन सेवा के लिए समर्पित है। इसलिए उनके 75वें जन्मदिन पर लोगों को सेवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सेवा पखवाड़ा में सांसद, विधायक, मंत्री, विधान परिषद सदस्य, बोर्ड, निगम,आयोग के सदस्य, सहित सभी जनप्रतिनिधि ,पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल तथा बूथ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता आदि स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़ा में पहले दिन युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के पार्टी कार्यकर्ता 17 सितंबर को ही बूथ स्तर पर पार्क, मंदिर, देवालय, विद्यालय, अस्पतालों में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। 17 को ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण सुना जाएगा। 17 से 24 सितंबर को प्रत्येक पीएचसी,सीएचसी एवं आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। 18 को जिला स्तर पर पीएम मोदी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 18 सितंबर से गांधी जयंती तक मंडल स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 19 से 20 सितम्बर तक पीएम मोदी के जीवन एवं उपलब्धियों और विकसित भारत विषय पर प्रबुद्ध संगोष्ठी होगी। 21 को भाजयुमो द्वारा आत्म निर्भर एवं विकसित भारत की थीम पर आधारित नमो मैराथन दौड़ का आयोजन होगा। 25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती बूथ स्तर पर मनाई जाएगी। बूथों पर पं. दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं प्रतित्व पर चर्चा की जाएगी सायंकाल जिला इकाई द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। 27 व 28 को दिव्यांजनो को कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरण समारोह होंगे।
दो अक्टूबर गांधी जयंती के मौके पर पं लाल बहादुर शास्त्री व महात्मा गांधी की प्रतिमाओं की धुलाई सफाई कर माल्यार्पण एवं आसपास स्वच्छता अभियान एवं पार्टी नेताओं द्वारा खादी वस्त्रों की खरीदारी कर दुकानदारों के प्रोत्साहित करेंगे।
भाजपा मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि दक्षिण जिले में सेवा पखवाड़ा में जिला मंत्री जसविंदर सिंह को संयोजक एवं अर्जुन बेरिया ,संजीव बेरी, अनुराग शुक्ला, प्रवीण मिश्रा को सह संयोजक बनाया गया है। नौ व 10 सितंबर को मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
बैठक में पूनम द्विवेदी, रघुनंदन भदौरिया, कौशल किशोर दीक्षित, राम बहादुर यादव, गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, विनोद मिश्रा, अर्जुन बेरिया, संजय कटियार, वीरेंद्र दिवाकर, शिवम मिश्रा , सभी मंडल अध्यक्ष एवं मोर्चा अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद
