
गौतम बुद्ध नगर, 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । यमुना नदी की बाढ के पानी में नहाने गए एक 17 वर्षीय छात्र की पानी में डूबने से शनिवार शाम को मौत हो गई है। एनडीआरएफ और थाना रबूपुरा पुलिस शव की तलाश में कल से आज शाम तक जुटी रही।रविवार शाम 5.30 बजे के करीब शव बरामद हुआ है। थाना रबूपुरा के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि मेहंदीपुर गांव के रहने वाले किशोर फरीद उम्र 17 वर्ष अपने दोस्तों के साथ शनिवार की शाम को यमुना नदी की बाढ के पानी में नहाने गया था, इसी बीच नहाते समय उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया। वह डूबने लगा। उसके साथियों ने शोर मचाया। ग्रामीणों को जानकारी दी। उसके बाद मौके पर काफी लोग पहुंचे, लेकिन किशोर को बचा नहीं पाए।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर रबूपुरा पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि शनिवार से रविवार पूरे दिन एनडीआरएफ और पुलिस ने शव की तलाश की। उन्होंने बताया कि शाम 5:30 बजे पुलिस को फरीद का शव यमुना नदी में मिला है। मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद हैं। शव को देखते ही वहां पर हाहाकार मच गई। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। मृतक के परिजनों के अनुसार वह 12वीं कक्षा में पढ़ता था।
—————
(Udaipur Kiran) / सुरेश चौधरी
