Uttar Pradesh

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 75 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के 50 दिन पूरे

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी वार्ड प्रवास कार्यक्रम में

– अब तक 4000 परिवारों से सीधा संवाद, 250 पौधों का रोपण, सैकड़ों समस्याओं का समाधान

वाराणसी, 07 सितम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी की शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में चल रहे 75 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम ने रविवार को 50 दिन पूरे कर लिए। यह अभियान 20 जुलाई से शुरू होकर गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक चलेगा। अब तक के पचास दिन के प्रवास में विधायक ने जनता से सीधे संवाद कर क्षेत्र की सैकड़ों छोटी-बड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान कराया है।

प्रवास के दौरान विधायक डॉ. तिवारी ने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न वार्डों में भ्रमण के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। वार्डों की समस्याओं में मुख्य रूप से पेयजल संकट, जर्जर पटिया, सीवर जाम, नाली की सफाई और सड़क मरम्मत शामिल रहीं, जिनका मौके पर ही निराकरण कराया गया।

विधायक डॉ. तिवारी के अनुसार अब तक के अभियान में लगभग 4000 परिवारों से जनसंपर्क कर उनकी समस्याएं जानी गईं। इसके साथ ही 50 से अधिक जनचौपालों का आयोजन कर लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की गई। अभियान के दौरान स्वच्छता पर भी विशेष जोर रहा। हर दिन पांच पौधे रोपे गए और अब तक 250 पौधों का रोपण हो चुका है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 24 वार्डों में कम से कम दो बार भ्रमण पूरा हो चुका है। भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय दुकानदारों से भी संवाद किया गया और “यहां स्वदेशी माल बिकता है” स्टीकर लगाने का आग्रह किया गया, जिसे सभी दुकानदारों ने सहर्ष स्वीकार किया।

डॉ. तिवारी ने बताया कि भ्रमण के दौरान जो भी बड़ी समस्याएं या आवश्यक कार्य सामने आए, उनके समाधान के लिए त्वरित निर्णय लेते हुए विधायक निधि तथा त्वरित आर्थिक विकास निधि से धन आवंटित किया गया है। कई कार्य आगामी एक माह के भीतर शुरू कर दिए जाएंगे।

अभियान के 50वें दिन ईश्वरगंगी वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र की जर्जर पटिया, सीवर की समस्या और खराब पाइपलाइन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मंदिरों की ओर जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई और मरम्मत के लिए नगर निगम को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अभियान में प्रत्येक दिन विधायक के साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पूर्व मण्डल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top