Maharashtra

पुणे में हत्या के आरोपित के बेटे की गोली मारकर हत्या

मुंबई, 06 सितंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के पुणे जिले के नाना पेठ इलाके में बीती रात अज्ञात दो हमलावरों ने हत्या के आरोपित गणेश कोमकर के 19 वर्षीय आयुष कोमकर की गोली मारकर हत्या कर दी। तीन गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल आयुष की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पुणे में हडक़ंप मचा हुआ है। पुणे पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।

पुणे के पुलिस उपायुक्त निखिल पिंगले ने शनिवर को पत्रकार वार्ता में कहा, ‘हत्या किए गए युवक का नाम आयुष गणेश कोमकर था। आयुष पर उस समय हमला किया गया जब वह क्लास से घर आ रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह संभव है कि दो अज्ञात लोगों ने आयुष पर हमला किया हो। आयुष, वनराज अंडेकर की हत्या के आरोपित गणेश कोमकर का बेटा है। साथ ही आयुष, वनराज अंडेकर का भतीजा भी था।’

पुलिस उपायुक्त पिंगले ने चेतावनी दी है कि आयुष कोमकर के आरोपितों को बख्शा नहीं जाएगा। ‘अपराध शाखा की छह टीमों को आरोपितों की तलाश में लगाया गया है। यह घटना तब हुई जब आयुष क्लास से घर आ रहा था। यह घटना उसके घर के नीचे बेसमेंट में हुई। क्या वनराज अंडेकर की हत्या और मौजूदा घटना के बीच कोई संबंध है? इस संबंध में भी जांच चल रही है। इस घटना में जो भी शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे बख्शा नहीं जाएगा।’

पुलिस उपायुक्त ने पुणे के अपराधियों को चेतावनी दी है। ‘आयुष कोमकर मामले में चाहे कोई भी जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। मृतक को न्याय दिलाना हमारा काम है। अब गलतियों की कोई माफी नहीं है, कोई भी अपराध करने से पहले 100 बार सोचें।’,

गौरतलब है कि इस घटना ने स्थानीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है और शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएँ पैदा कर दी हैं। नाना पेठ के निवासी, जो पहले से ही तनाव में थे, अब भय और अनिश्चितता के माहौल से जूझ रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top