शिमला, 06 सितंबर (Udaipur Kiran) । चंबा जिला प्रशासन द्वारा मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर में फंसे श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए चलाया गया अभियान शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर एमआई-17 की मदद से आज चार उड़ानों में 64 तीर्थयात्रियों को भरमौर से चंबा लाया गया। यह अभियान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और दोपहर 12ः30 बजे तक चला।
सुरक्षित निकाले गए सभी श्रद्धालुओं को चंबा से हिमाचल पथ परिवहन निगम की नियमित अंतराल पर चलने वाली बसों के माध्यम से निःशुल्क उनके गंतव्यों की ओर भेजा गया। इसके अलावा प्रशासन ने भरमौर से दो शव भी चंबा तक पहुंचाए। पिछले दो दिनों में चलाए गए इस विशेष बचाव अभियान के दौरान कुल 588 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, चंबा पुलिस, होमगार्ड, गैर सरकारी संगठनों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चंबा के लोगों ने ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना का परिचय दिया और मानवता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भरमौर व मार्ग में फंसे लोगों के लिए लंगर का आयोजन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अभियान का नेतृत्व कर रहे राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की भी विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मंत्री नेगी कई दिनों से भरमौर में डटे रहे और स्वयं चंबा से पैदल यात्रा कर भरमौर पहुंचे ताकि प्रत्येक फंसे हुए यात्री को सुरक्षित निकालना सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
