
पलवल, 6 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिले में कन्या भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक बुराई को रोकने के लिए आशा वर्कर्स ने जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 26 सितंबर तक चलेगा, जिसके तहत गांवों में सेमिनार, बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को जागरूकता रैली निकालकर अभियान का शुभारंभ किया गया। इसमें आशा वर्कर्स ने लोगों को कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणाम बताए और बेटियों को बचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में यह बुराई परिवार और प्रदेश के भविष्य को प्रभावित कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि 2015 से 2019 तक जिले में लिंगानुपात में सुधार देखने को मिला था, लेकिन अब यह फिर से गिरने लगा है। कन्या भ्रूण हत्या जैसी प्रवृत्तियां इसका मुख्य कारण हैं। ऐसे में इस सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए हर स्तर पर प्रयास करने होंगे। अभियान के दौरान 26 सितंबर तक गांव-गांव जाकर सेमिनार और जागरूकता सभाएं होंगी। महिलाओं और युवतियों के साथ-साथ पुरुषों को भी इस विषय पर संवेदनशील बनाया जाएगा। आशा वर्कर्स ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ आवाज बुलंद करें। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और बेटियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा हो।
—————
(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग
