
धमतरी, 6 सितंबर (Udaipur Kiran) । शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विराजमान गणेश प्रतिमाओं का शनिवार छह सितंबर को रुद्रेश्वर घाट में उत्साह और श्रद्धा के साथ विसर्जन किया गया। सुबह से ही विभिन्न पंडालों और घरों से गणपति प्रतिमाओं को लाने का क्रम शुरू हो गया था। वाहन रैलियों और ढोल-ताशों के साथ भक्तों ने नाचते-गाते बप्पा को विदाई दी। घाट परिसर में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विसर्जन पूर्व पूजा-अर्चना और हवन किया। कई स्थानों पर पंडालों में विशेष हवन भी आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई थी। निगम की टीम ने घाट पर पूरी तरह से निगरानी रखी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गोताखोरों को तैनात किया गया। पुलिस के जवान, नगर निगम कर्मचारी और स्वयंसेवक लगातार भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पेयजल की भी व्यवस्था की गई थी। विसर्जन स्थल पर ग्रामीण अंचल से आए भक्त भी नजर आए। कुरूद, मगरलोड, सोरिद और आसपास के गांवों से ट्रैक्टर, पिकअप और छोटे-बड़े वाहनों में गणेश प्रतिमाएं लाई गईं। ढोल नगाड़ों की गूंज और “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। विशेष हवन और पूजन के बाद कई बड़ी प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया गया। भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ गणेशजी को विदा किया और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
