Delhi

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने यमुना के बढ़ते जलस्तर पर जनता से की अपील

भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, 6 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली में लगातार हो रही बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ने पर शनिवार को प्रदेश की जनता से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जनता को किसी भी प्रकार की अफवाहों से घबराने की जरूरत नहीं है।

वीरेंद्र सचदेवा ने आज एक बयान में बताया कि यमुना के बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। पुलिस, बाढ़ नियंत्रण विभाग और आपदा प्रबंधन टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खतरे वाले क्षेत्रों में राहत शिविर तैयार किए गए हैं और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों की सहायता के हर सम्भव कार्य कर रही है। केंद्र सरकार के साथ मिलकर राहत और बचाव के कार्य किए जा रहें ताकि जनता को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली की जनता के सहयोग से लगातार राहत सामग्री जुटाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

सचदेवा ने दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाया कि किसी भी स्थिति में घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के साथ खड़ी है और हर संभव मदद के लिए तत्पर है। सबको मिलकर इस स्थिति का सामना करना होगा।

उल्लेखनीय है कि यमुना का जलस्तर पर सरकार लगातार निगरानी कर रही है और यमुना के घटते जलस्तर को देखते हुए उम्मीद है कि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top