Madhya Pradesh

पन्नाः मुख्यमंत्री ने 106 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्‍यमंत्री का कार्यक्रम

पन्ना, 5 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सब मिलकर मध्यप्रदेश को विकास के क्षेत्र में नंबर वन प्रदेश बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का पन्ना जिला प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। पन्ना जिले की धरती से हीरा उपजता है। यह महावीरों की धरती है। इस जिले को विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली की भाईदूज से लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपये की राशि दी जाएगी तथा 2028 तक लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपये की राशि प्रतिमाह प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पन्ना जिले के गुनौर विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद अमानगंज में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री ने लगभग 106 करोड़ के निर्माण कार्यों और विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना का कार्य पूर्ण हो जाने से बुन्देलखण्ड क्षेत्र के किसानों और युवाओं की तकदीर चमक जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में छात्र-छात्राओं को गणवेश, किताब, साईकिल प्रदान की जा रही है तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को लैपटॉप तथा स्कूटी भी प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में शासकीय सेवाओं में लगभग एक लाख पदों पर भर्ती की जा रही है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लगभग 22 हजार पदों पर भी भर्ती होगी। पन्ना में मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन के लिए मैं शीघ्र पन्ना पुनः आउंगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना में मेडीकल कॉलेज बन जाने से इस क्षेत्र के युवा मेडीकल की पढ़ाई यहीं रह कर करेंगे और लोगों की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि पन्ना में मेडीकल कॉलेज बन जाने से लोगों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुन्देलखण्ड पराक्रम की पराकाष्ठा का क्षेत्र है। यह वीरों की भूमि है।

समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना जिले को 106 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। समारोह को विधायक पन्ना एवं पूर्व मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक गुनौर डॉ. राजेश वर्मा ने भी संबोधित किया।

विधायक वर्मा की मांग पर सभी मांगों को पूरी करने का किया वादाः- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्रीय विधायक राजेश वर्मा की मांग पर अमानगंज प्रवास के दौरान अस्पताल के उन्नयन सहित सात उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, सलेहा में नवीन महाविद्यालय की स्थापना सहित देवेन्द्रनगर के शासकीय महाविद्यालय में नवीन संकाय प्रारंभ करने एवं स्कूल उन्नयन की घोषणा और अगस्त्य मुनि आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों के लिए जरूरी प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खेल स्टेडियम के निर्माण, स्थायी हेलीपैड बनाने, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के तहत बरगी नहर सिंचाई प्रणाली की उद्वहन सिंचाई परियोजना की घोषणा भी की। इस परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र के 114 गांव लाभांवित होंगे और 25 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। गढ़ीपडरिया के वृन्दावन बांध और क्षमता में बढोत्तरी कर नहरों के जीर्णाेद्धार कार्य तथा गुनूसागर सिंचाई परियोजना के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। कार्यक्रम स्थल पर मत्स्य विभाग, जल संसाधन, स्वास्थ्य, वन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम, उद्यानिकी विभाग, कृषि तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित राज्य ग्रामीण अजीविका मिशन द्वारा हितग्राहीमूलक विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से प्रतीक स्वरूप हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए।

—————

(Udaipur Kiran) / सुरेश पांडे

Most Popular

To Top