Uttar Pradesh

राष्ट्रपति सम्मान से नवाजी गईं मीरजापुर की शिक्षिका, बदले स्कूल की तस्वीर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कृत होती शिक्षिका मधुरिमा तिवारी।

मीरजापुर, 5 सितंबर (Udaipur Kiran) । कभी मात्र 56 बच्चों वाला साधारण-सा स्कूल, आज आधुनिक सुविधाओं और सैकड़ों विद्यार्थियों से गूंजता हुआ शिक्षा का आदर्श केंद्र बन चुका है। इस चमत्कार के पीछे हैं रानी कर्णावती विद्यालय की शिक्षिका मधुरिमा तिवारी, जिन्हें शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया।

नगर के लालडिग्गी स्थित पीएमश्री कंपोजिट स्कूल की जिम्मेदारी जब मधुरिमा ने आठ साल पहले संभाली थी, तब विद्यालय संसाधनों और छात्रों दोनों के मामले में काफी पिछड़ा हुआ था। लेकिन आज यह स्कूल न केवल पढ़ाई का केंद्र है, बल्कि कंप्यूटर शिक्षा, सिलाई-कढ़ाई, स्मार्ट क्लास, वाई-फाई प्रोजेक्टर और टीवी जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

विद्यालय परिसर में औषधि वाटिका, बागवानी और बच्चों के खेलने के लिए पार्क ने इसे एक प्रेरणादायक शैक्षणिक स्थल बना दिया है। यही वजह है कि अब यहां 218 छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

मधुरिमा तिवारी की मेहनत और नवाचारपूर्ण सोच का नतीजा है कि विद्यालय को स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2018, राज्य अध्यापक पुरस्कार 2022, ऑपरेशन कायाकल्प पुरस्कार 2021-22 समेत कई सम्मान मिले हैं। वहीं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नारी शक्ति वंदन शिक्षक रत्न सम्मान 2023, महिला शक्ति वंदन सम्मान 2023 और सावित्रीबाई फुले सम्मान 2024 से भी नवाजा जा चुका है।

विद्यालय का रंग-बिरंगा परिसर, स्वच्छ वातावरण और शिक्षा का उच्च स्तर आज पूरे जिले में मिसाल बन चुका है। मधुरिमा तिवारी न सिर्फ एक शिक्षिका, बल्कि बदलाव की प्रतीक बन गई हैं।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top