Madhya Pradesh

सेवा पखवाड़ा केवल पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का जनांदोलन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा पखवाड़ा’ पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को वरिष्ठ नेतृत्व ने किया संबोधित

भाेपाल, 5 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार काे‘सेवा पखवाड़ा’ पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयाेजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने दीप प्रज्जवलन एवं महापुरूषों को पुष्पांजलि अर्पित कर संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित है, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमारे कार्यकर्ता तपोनिष्ठ एवं राष्ट्र सेवा के संकल्प से बने हैं। मध्यप्रदेश को भाजपा की नर्सरी कहते हैं, और यहीं से जीत का रथ आगे बढ़ता रहेगा। सेवा पखवाड़ा हमारे लिए केवल कार्यक्रम नहीं है बल्कि जनसेवा का जनांदोलन है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर “सेवा पखवाड़ा“ के रूप में जनसेवा का संकल्प लिया है। यह पखवाड़ा उस नेतृत्व को समर्पित है, जिसने भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया है। प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और नेतृत्व ने भारत को एक नई दिशा दी है। उन्हाेंंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश और प्रदेश में सेवा, समर्पण और सुशासन के माध्यम से जनता का विश्वास जीत रही है, वहीं विपक्ष जानता है कि उसका भविष्य अंधकारमय है, इसलिए वह घबराया हुआ है। यह सेवा पखवाड़ा अपनी व्यापकता, गहराई और उद्देश्य की दृष्टि से अद्वितीय और ऐतिहासिक होगा। हमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता के साथ संपर्क, संवाद कर भरोसे का सेतु बनाना है।

विपक्ष भ्रम फैला रहा है, हम जनता का विश्वास जीत रहे हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित है, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमारे कार्यकर्ता तपोनिष्ठ हैं और वे कच्ची मिट्टी के नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प से बने हैं। मध्यप्रदेश को भाजपा की नर्सरी कहते हैं, और यहीं से जीत का रथ आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने विपक्ष की तुलना रावण से करते हुए कहा कि वे संविधान की किताब दिखाकर साधु का वेश धरते हैं, वहीं सबसे ज्यादा संविधान संशोधन और न्यायपालिका का अपमान करने के लिए जिम्मेदार हैं। कांग्रेस शुतुरमुर्ग की तरह आरोप लगाकर सच्चाई से मुंह मोड़ लेती है। कांग्रेस का चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाना भी दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस ने तीन तलाक, धारा 370 और दंगों के माध्यम से देश को पीछे धकेला, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर को मुख्यधारा से जोड़ा और मुस्लिम बहनों को न्याय दिलाया।

समाज को योजनाओं, संस्कारों, विचारों की दृष्टि से जगाना हमारा लक्ष्य- अजय जामवाल

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित भारत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, रात दिन परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने देश के स्वाभिमान को जगाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। देश में जनहित की 300 से अधिक योजनाएं चल रही हैं, जिनका जनता को लाभ भी मिल रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री हमेशा यह चिंता करते हैं कि उनका यह काम नीचे तक, आम जन तक पहुंच रहा है या नहीं। देश में भौतिक विकास तो बहुत हो रहा है, लेकिन उसका लाभ तब तक नहीं है, जब तक वैचारिक विकास न हो। जब तक लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना, राष्ट्र के प्रति गौरव का भाव जागृत नहीं होता, तब तक भौतिक विकास का कोई लाभ नहीं है। इसलिए समाज को योजनाओं की दृष्टि से, संस्कारों की दृष्टि से और विचारों की दृष्टि से जागृत करना हमारा लक्ष्य और दायित्व है। स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विचारों से आज की युवा पीढ़ी को अवगत कराना सबसे बड़ी आवश्यकता है और आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से हमें यही काम करना है।

‘सेवा परमो धर्मः’ में रम जायें पार्टी कार्यकर्ता- डॉ. महेंद्र सिंह

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है-नागरिक देवो भव। अर्थात् देश का प्रत्येक नागरिक देवता है। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत हमें भी प्रत्येक नागरिक को देवता मानते हुए सेवा कार्यों में जुटना होगा। हमारे प्रधानमंत्री ने कहा है कि सेवा परमो धर्मः। अर्थात् सेवा ही परम धर्म है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े में शामिल किए गए कार्यक्रमों का औचित्य समझते हुए हमें सेवा कार्यों में जुटना होगा। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 15 दिनों में 15 कार्यक्रम होना है। इन्हें सफल बनाने के लिए अपनी टोली में कार्य का स्पष्ट विभाजन करें ।

आत्मनिर्भर भारत बनने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल पर जोर देना होगा – हितानंद

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ’सेवा परमो धर्म’ के आधार पर उनके जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिशन को हमें साकार करना है। पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्वेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 सिंतबर से 25 दिसंबर तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन जिला एवं मंडल स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आत्मनिर्भर भारत यात्राओं, कॉलेजों में सेमिनार, त्योहारों पर स्वदेशी सामान खरीदना और उसके लिए प्रोत्साहित करने सहित आदि माध्यमों से हमें आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल पर जोर देना होगा, ताकि हम आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर सके।

‘सेवा पखवाड़ा” के तहत प्रदेश भर में आयोजित होंगे कार्यक्रम

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने ‘सेवा पखवाड़ा” के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 6 से 10 सितंबर तक जिला स्तर और 11 से 13 सितंबर तक मंडल स्तर में कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। 17 से 24 सितंबर तक स्वास्थ्य शिविर, 18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर व प्रदर्शनी, 19 -20 सिंतबर को प्रबुद्वजन सम्मेलन और 21 से 25 सिंतबर तक खेल प्रतियोगिताएं एवं प्रदेश के महानगरों में नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 और 28 सिंतबर को दिव्यांग और विशिष्टजनों का सम्मान किया जाएगा। हमें 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि कर खादी की सामग्री क्रय कर जन-जन को जागरूक करके स्वदेशी को बढ़ावा देना है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top