Madhya Pradesh

सिंहस्थ- 2028 से संबंधित सभी निर्माण कार्यों को आपसी समन्वय से समय से पूर्ण किया जाए: आशीष सिंह

सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने की सिहस्थ के निर्माण कार्यों की समीक्षा
सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने की सिहस्थ के निर्माण कार्यों की समीक्षा

– सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने की सिहस्थ के निर्माण कार्यों की समीक्षा

उज्जैन, 05 सितम्बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में इंदौर कलेक्टर एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने सिंहस्थ 2028 के विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के चल रहे निर्माण कार्यों को आपसी समन्वय से समय सीमा में पूर्ण कराएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। जिन निर्माण कार्यों में तकनीकी या अन्य समस्या हो, उसे अपने वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर हल किया जाए।

सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने शुक्रवार को हुई बैठक में रेलवे स्टेशन से श्री महाकालेश्वर मंदिर तक रोपवे परियोजना, खान डायवर्सन क्लोज डक्ट परियोजना, सेवरखेडी-सिलारखेडी परियोजना, जयसिंह पुरा पर रेलवे अंडरपास, सिन्धी कॉलोनी से हरिफाटक ब्रिज तक मार्ग का चौड़ीकरण, हनुमान नाका से हरिफाटक ब्रिज तक मार्ग का चौडीकरण, इंदिरा गांधी चौराहा से चामुण्डा माता चौराहा के बीच फ्रीगंज आर.ओ.बी. के समान्तर आरओबी का निर्माण, उज्जैन-लालपुर-मक्सी मार्ग में समपार क्रमांक 7 पर पूर्व से निर्माणाधीन आर.ओ.बी. के समानांतर एक अतिरिक्त आर.ओ.बी का निर्माण, उज्जैन मक्सी मार्ग पर उज्जैन शहर में पुराने समपार क्र. 2 पूर्व पुल के समानांतर उज्जैन इंदौर रेल सेक्शन पर आई.टी.आई के सामने टू-लेन अतिरिक्त आर.ओ.बी. का निर्माण, लालपुर के डाउन स्ट्रीम में रेल्वे पुल के समानांतर क्षिप्रा नदी पर नवीन फोर लेन पुल निर्माण, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम, मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी आदि निर्माण कार्यो की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

आशीष सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनकी निर्माण कार्यो में अहम भूमिका है, वे माइक्रो प्लानिंग कर सिंहस्थ के निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए। रेलवे के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के लिए दो अधिकारियों को नियुक्त किया जाए, ताकि समय-समय पर रेलवे संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जा सके।

बैठक में उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ के विभिन्न निर्माण कार्यो की विस्तार से जानकारी दी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी केएल मीणा ने भी रेलवे से संबंधित तकनीकी समस्याओं का समय पर निराकरण कर सिंहस्थ कार्यों को पूर्ण करने के लिए अपने रेलवे के संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, विवेक ढांड, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा तथा संबंधित विभागो के अधिकारी, रेलवे अधिकारी आदि उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top