-हिमालय क्षेत्र में कई दिनों से हो रही बर्फबारी से हुर्ह यह घटना
-बड़े ऊंचाई क्षेत्र से बर्फ टूटकर गहरी खाई में समा गई
-करीब पांच मिनट तक उड़ता रहा बर्फ का गुबार
-पूर्व में भी हो चुकी हिमस्खलन की घटनाएं
रुद्रप्रयाग, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । चोराबाड़ी ग्लेशियर के ऊपरी क्षेत्र में हिमस्लखन हुआ है। इस प्राकृतिक घटना से केदारनाथ को कोई नुकसान नहीं हुआ है। मंदिर सहित केदारपुरी सुरक्षित है। साथ ही धाम में मौसम सुहावना रहा। बीते दो वर्षों में हिमालय क्षेत्र में हिमस्खलन की कई घटनाएं हो चुकी हैं। गुरुवार को दोपहर बाद 2 बजकर 30 मिनट पर केदारनाथ से छह किमी पीछे चोराबाड़ी ग्लेशियर के ऊपरी क्षेत्र में हिमस्खलन हुआ। ग्लेशियर में नई बर्फ जमा होने से पुरानी बर्फ का बड़ा हिस्सा टूटकर गहरी खाई में समा गया। इस दौरान बर्फ का गुबार करीब पांच मिनट तक हिमालय क्षेत्र में उड़ता रहा।
केदारनाथ में मौजूद लोगों ने इस प्राकृतिक घटना को अपने मोबाइल में कैद किया। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ से हिमालय क्षेत्र में चोराबाड़ी ग्लेशियर के ऊपरी क्षेत्र में हिमस्खलन हुआ है और इस घटना से केदारनाथ क्षेत्र पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि ग्लेशियर से बर्फ का हिस्सा टूटकर गहरी खाई में गिरा है।
बताया कि चोराबाड़ी और कैंपेनियन ग्लेशियर में हिमस्खलन की घटनाएं सामान्य बात है। पिछले कई दिनों से निचले इलाकों में बारिश और हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी के चलते यह घटना हुई है। बताया कि ग्लेशियर में पुरानी बर्फ के ऊपर नई बर्फ के जमा होने से इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं।
उन्होंने केदारनाथ धाम में मौजूद सेक्टर मजिस्ट्रेट के हवाले से बताया कि सुबह के समय केदारनाथ में बारिश हुई थी। इस दौरान ऊपरी हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी भी हुई थी। दोपहर बाद से केदारनाथ सहित पूरे जनपद में मौसम सामान्य रहा।
(Udaipur Kiran) / दीप्ति
