Haryana

फरीदाबाद : महिला अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर, सात प्रतिशत आई कमी

फरीदाबाद, 2 सितंबर (Udaipur Kiran) । फरीदाबाद पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। महिला विरुद्ध अपराधों में निष्पक्ष जांच करते हुए अपराधियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर शीघ्रता से कार्रवाई की जा रही है, साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, नये कानून व पुलिस की सहायक कार्यप्रणाली बारे जागरूक किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस की सक्रियता के चलते गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष महिला विरुद्ध अपराधों में सात प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जघन्य अपराध जैसे पोस्को के 41 मामले व बलात्कार के 18 मामलों की कमी आई है। मनचलों पर भी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, इस वर्ष अब तक 100 के करीब मनचलों पर महिला पुलिस व लोकल पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2024 में फरीदाबाद में 300 हॉटस्पॉट व 154 हॉट रूट चिन्हित थे, जिन स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस उपस्थिति व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई, जिसके फलस्वरुप वर्ष 2025 में 136 हॉटस्पॉट व 90 हॉटरूट ही रह गये हैं, जिन पर भी फरीदाबाद पुलिस द्वारा कार्य किया जा रहा है। पुलिस द्वारा महिलाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है, इस वर्ष फरीदाबाद पुलिस ने 240 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम कर 20 हजार से अधिक महिलाओं को जागरूक किया गया है, सात हजार से अधिक महिलाओं को डायल 112 एप व ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। उन्होंने आगे बताया कि महिलाओं की असुविधा व उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दस हजार से अधिक महिलाओं से एरिया सर्वे फॉर्म भरवाये गये हैं, जिनका विश्लेषण कर असुरक्षित व संदिग्ध स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही सेफ सिटी कार्यक्रम के अंतर्गत इस वर्ष 400 के करीब महिलाओं को सुरक्षित उनके गंतव्य स्थान पर पहुंचाया गया है। वर्तमान में फरीदाबाद पुलिस के तीनों जोन में प्रशिक्षित पुलिस कर्मचारियों की एक-एक टीम गठित की गई है, जिनके द्वारा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किये जा रहे हैं। महिला सुरक्षा के मध्यनजर फरीदाबाद पुलिस की वेबसाइट लिंक डाला हुआ है, जहां पर महिलाएं अपने घर, पड़ोस, बाजार सार्वजनिक स्थल व कार्य स्थल के बारे अपना फीडबैक देती हैं, जिसका विश्लेषण कर महिला सुरक्षा के लिए कार्यक्रम तैयार किए जाते हैं।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top