-अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, 14 जिलों में ओरेंज और आठ में येलो अलर्ट
-मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे अधिकारी व कर्मचारी
चंडीगढ़, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। प्रदेश में यमुना, मारकंडा, घग्गर, सोम और टांगरी नदियों में लगातार बढ़ रहे जलस्तर से बाढ़ का खतरा मंडरा गया है। भारी बारिश और बाढ़ की संभावना को देखते हुए नायब सरकार भी अलर्ट हो गई है। जिला उपायुक्तों से मुख्यमंत्री नायब सैनी हर अपडेट ले रहे हैं। वहीं, सरकार की ओर से अधिकारियों की छुट्टियां रद्द करने के आदेश जारी करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 14 जिलों में ओरेंज और आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए शासन व प्रशासन भी तरह सतर्क हो गया है। मुख्य सचिव ने प्रदेश में तैनात सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने तथा पांच सितंबर तक बाढ़ राहत प्रबंधों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सरकार के पास आई अपुष्ट एवं प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में अब तक 2.50 लाख एकड़ फसलों को नुकसान हुआ है। करीब 40 हजार किसान प्रभावित हुए हैं।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को जारी निर्देश में सभी फील्ड अधिकारियों को मुख्यालय पर बने रहने और 5 सितंबर तक कड़ी निगरानी रखने के निर्देश निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने राज्य के सभी सभी मंडल आयुक्तों, रेंज आईजीपी, एडीजीपी, उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा सब-डिवीजन मजिस्ट्रेट को लिखे एक पत्र में कहा है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है और स्थानीय स्तर पर बाढ़ की आशंका भी जताई गई है। इसलिए इस अवधि में मुख्य सचिव या गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर पर स्वीकृति के बिना, किसी भी अधिकारी को अवकाश की अनुमति न दी जाए।
इन जिलों में ओरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र चंडीगढ़ की ओर से पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी-दादरी, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, झज्जर और पलवल ओरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। जबकि करनाल, पानीपत, कैथल, सोनीपत, जींद, फतेहाबाद, सिरसा और नारनौल में येलो अलर्ट की चेतावनी है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
