Delhi

बाढ़ से निपटने के लिए सरकार तैयार, यमुना का जलस्तर 207 से थोड़ा ऊपर जा सकता है : मुख्यमंत्री

यमुना में जलस्तर बढ़ाने के बाद सोमवार को असीता घाट और यमुना छठ घाट का दौरा करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । यमुना में बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार और बाढ़ से जुड़े संबंधित विभाग पूरी तरह मुस्तैद हैं। उन्होंने कहा कि हथिनी कुंड बैराज से जितना पानी छोड़ा गया है। उससे अनुमान है कि इस बार यमुना का जलस्तर 207 मीटर या उससे थोड़ा ऊपर तक जा सकता है। हर परिस्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार विभागों ने पहले से ही व्यापक तैयारी कर रखी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले छह महीनों में जिस तरह से यमुना और नालों की डी-सिल्टिंग का काम किया गया है, उसका बड़ा लाभ मिला है। बांधों के सभी गेट खुले हैं और कहीं भी पानी रुक नहीं रहा है। पानी का जितना तेजी से बहाव आ रहा है, उतना ही तेजी से दिल्ली से आगे भी निकल रहा है। कहा कि यमुना फ्लड प्लेन में पानी पहुंचना स्वाभाविक है, क्योंकि वह नदी का प्राकृतिक हिस्सा है। इसके अलावा बाहरी इलाकों में पानी के फैलने की संभावना नहीं है। उन्हाेंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है और सभी अधिकारी लगातार हर घंटे की रिपोर्ट ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री जानकारी दी कि हथिनी कुंड बैराज से जितना पानी छोड़ा गया है, उससे अनुमान है कि इस बार जलस्तर 207 मीटर या उससे थोड़ा ऊपर तक जा सकता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। बाढ़ से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि राजधानी के लोग सुरक्षित रहें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें। मुख्यमंत्री ने यमुना तलहटी में बसे लोगों से भी अपील की कि वे सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top