जम्मू, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । हाल के दिनों में हुई तेज बारिश और बाढ़ ने जम्मू संभाग के पुरमंडल क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। कथार पाडल और राजुल जैसे गांवों में कई परिवार बेघर हो चुके हैं जबकि दर्जनों घरों को गम्भीर नुकसान पहुँचा है। प्रभावित ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें तत्काल राहत सामग्री रहने की व्यवस्था और राशन उपलब्ध कराया जाए।
बारिश और भूस्खलन की वजह से पुरमंडल क्षेत्र के कई गांवों का बड़ी ब्राह्मणा से जुड़ा मुख्य सड़क मार्ग टूट गया है। दियोंन, रजौली कुंड, पचौली, सदराल, केऊली, उत्तरबहनी से मंडल और रायसूचनी से मंडल जैसी सड़कों का संपर्क पूरी तरह बाधित हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्ग टूटने से लोगों का आना-जाना बंद हो गया है। बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाना और जरूरी सामान की आपूर्ति कराना मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द ही इन रास्तों को बहाल करने की अपील की है।
इसी बीच कटवालता पंचायत के 10 से अधिक मोहल्लों में पिछले सात दिनों से जियो कंपनी का टावर बंद पड़ा है जिससे संचार सेवाएँ ठप हैं। इस संकट के समय लोग आपस में संपर्क करने तक में असमर्थ हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जियो कंपनी से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को झेलना पड़ा है। सैकड़ों कनाल भूमि पर खड़ी फसलें बारिश और बाढ़ की भेंट चढ़ गई हैं। नदी-नालों के किनारे की उपजाऊ भूमि बह गई है वहीं कई जगह भूस्खलन से भी खेत तबाह हो गए हैं। किसान ध्यान सिंह, कुलदीप सिंह, रवि शर्मा, चेत सिंह और याकूब हुसैन ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि क्षेत्र के लिए विशेष मुआवजा पैकेज की घोषणा की जाए ताकि हुए भारी नुकसान की भरपाई हो सके।
ग्रामीणों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सहित जिला प्रशासन और सरकार से अपील की है कि प्रभावित परिवारों और किसानों को तुरंत राहत और सहायता प्रदान की जाए अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती है।
—————
(Udaipur Kiran) / अश्वनी गुप्ता
