
गुवाहाटी, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत माता को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम में दिये गये आपत्तिजनक बयान के खिलाफ भाजपा ने रविवार को गुवाहाटी में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया।
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने कहा कि सत्ता से लंबे समय तक बाहर रहने के कारण कांग्रेस नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने दरभंगा (बिहार) में चुनावी सभा के दौरान अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर प्रधानमंत्री की माता का अपमान किया है। यह केवल प्रधानमंत्री की माता ही नहीं बल्कि देश की सभी माताओं और महिलाओं का भी अपमान है।
भाजपा ने इस घटना के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। 31 अगस्त और 1 सितम्बर को प्रदेशभर में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन होंगे। इसी क्रम में गुवाहाटी महानगर जिला भाजपा की ओर से हजारों कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के चित्रों पर कालिख पोती और “राहुल गांधी गो बैक”, “कांग्रेस मुर्दाबाद”, “गौरव गोगोई गो बैक” जैसे नारे लगाए।
इस विरोध कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार भट्टाचार्य, रत्ना सिंह, जूरी शर्मा बरदलै, प्रदेश मीडिया संयोजक व असम वित्त निगम के अध्यक्ष रूपम गोस्वामी, एएसटीसी उपाध्यक्ष प्रणबज्योति लहकर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राकेश दास, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलिमा देवी और गुवाहाटी महानगर अध्यक्ष तपन दास सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा ने मांग की है कि राहुल गांधी देश की जनता से बिना शर्त माफी मांगें। ————————–
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
