Uttrakhand

लोजपा उत्तराखंड विस में सभी सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार

पत्रकारों से वार्ता करते हुए

हरिद्वार, 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश प्रभारी पवन वर्मा ने प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहाकि उत्तराखंड में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लिए अपार संभावनाएं हैं। यहां कोई ठोस तीसरा विकल्प मौजूद नहीं है। प्रदेश की जनता पलायन, आपदा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और भू-माफिया जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही हैं, लेकिन वर्तमान सरकार इन मुद्दों पर ठोस कदम उठाने में असफल रही है। कोई नीतियों बनीं भी हैं तो वे धरातल पर लागू नहीं हो पा रही हैं जिससे जनता में असंतोष एवं वर्तमान सरकार के प्रति नाराजगी है।

उन्होंने कहा पार्टी उत्तराखंड में राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के मार्गदर्शन में वर्ष 2027 के चुनाव की तैयारीयों में जुटी है। सभी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जा रहा हैं एवं संगठन मजबूती से उत्तराखंड के सभी जिलों में अपना विस्तार कर रही हैं। संगठन प्रदेश अध्यक्ष केदारनाथ पंडित के नेतृत्व में उत्तराखंड में नया राजनीतिक इतिहास रच रही हैं।

प्रदेश प्रभारी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्तर पर हमारा गठबंधन भाजपा के साथ है और वह मजबूती से चल भी रहा है परंतु लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तराखंड के सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी को 2027 के चुनाव में उतारेगी। स्वर्गीय रामविलास पासवान जी के पद चिन्हों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जी के मार्गदर्शन में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हमारा लक्ष्य जनता को एक सशक्त विकल्प देना हैं और हम इसी दिशा में संगठित होकर सभी कार्य कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष केदारनाथ पंडित ने कहा कि पार्टी मिशन 2027 के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिन-रात संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं और आने वाले समय में इसका असर पूरे प्रदेश में दिखाई देगा। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए हुए कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top