
– अब संभालेंगे उत्तर मध्य रेलवे एवं केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन, प्रयागराज का कार्यभार भी
वाराणसी,29 अगस्त (Udaipur Kiran) । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज एवं केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (सीओआरई), प्रयागराज के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। यह जानकारी बरेका के जनसम्पर्क अधिकारी ने शुक्रवार को दी।
उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के कार्यकाल में बरेका ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित कीं। बरेका निर्मित एयरोडायनेमिक वैप-7 लोको ने तकनीकी उत्कृष्टता का नया उदाहरण प्रस्तुत किया, वहीं रेल ट्रैक पर सोलर पैनल लगाकर हरित ऊर्जा की दिशा में एक अनूठा कदम उठाया गया। सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बरेका में उल्लेखनीय कार्य किया गया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में बरेका ने 477 लोको निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। भारतीय रेल के वर्ष 1988 बैच आईआरएसईई के अनुभवी अधिकारी नरेश पाल सिंह ने रेलवे के कई प्रमुख पदों पर अपनी सेवा देते हुए असाधारण उपलब्धियां हासिल की है। अपने लंबे कॅरियर में सिंह ने मध्य रेलवे के मंडलों में विभिन्न क्षमताओं जैसे लोको शेड, लोको ऑपरेशन, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन, सामान्य सेवाएं आदि में कार्य किया है। उन्होंने मध्य रेलवे में मुख्य विद्युत इंजीनियर, रोलिंग स्टॉक, अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक, संचालन, मुंबई के रूप में भी उल्लेखनीय सेवा प्रदान की है। साथ ही, एमआरवीसी में मुख्य विद्युत इंजीनियर, परियोजना एवं मध्य रेलवे, मुंबई में प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर के रूप में भी कार्य किये हैं। नरेश पाल सिंह को मध्य रेलवे में अपने कार्यकाल के दौरान इलेक्ट्रिकल, डीजल रोलिंग स्टॉक, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन एवं सामान्य सेवा परिसंपत्तियों के रखरखाव तथा संचालन का व्यापक अनुभव है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
