
सोनीपत, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । बिहार के नालंदा स्थित राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पुरुष
हॉकी एशिया कप का आगाज हो गया है। टूर्नामेंट में भारत की टीम में हरियाणा के तीन खिलाड़ी
शामिल हैं। इनमें सोनीपत के मयूर विहार निवासी अभिषेक नैन और गांव कुराड़ के सुमित के
साथ हिसार के संजय भी भारतीय दल का हिस्सा हैं।
अभिषेक ने छोटी उम्र में गंभीर चोट के बावजूद हार नहीं मानी
और निरंतर अभ्यास से राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे। दूसरी ओर डिफेंडर सुमित कुराड़ पहले ही
टोक्यो ओलिंपिक 2021 और पेरिस ओलिंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल तथा एशियन गेम्स 2023
में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ा चुके हैं।
एशिया कप का विजेता न केवल ट्रॉफी
जीतेगा बल्कि 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले हॉकी विश्व कप में सीधे
प्रवेश भी पाएगा। भारतीय टीम कोच क्रेग फुल्टन और कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व
में मैदान पर हैं। पुरुष एशिया कप तीसरी बार भारत में हो रहा है। इससे पहले यह
1989 में दिल्ली और 2007 में चेन्नई में आयोजित हुआ था। दक्षिण कोरिया पांच बार खिताब
जीतकर सबसे सफल टीम रही है, जबकि भारत और पाकिस्तान ने तीन-तीन बार खिताब अपने नाम
किए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
