HimachalPradesh

37वां गणेश महोत्सव: सिद्ध गणपति मंदिर मंडी में एसपीयू के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने की पूजा-अर्चना

गणेश उत्सव के दौरान सिद्धगणपति मंदिर में एसपीयू के कुलपति ने की पूजा।

मंडी, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । एसपीयू के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि भगवान गणेश भारतीय समाज में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता, नैतिक शिक्षाओं और सामाजिक प्रेरणा के महत्वपूर्ण स्रोत है। सिद्ध गणपति मंदिर ट्रस्ट मंडी द्वारा आयोजित 37वां गणेश महोत्सव 27 अगस्त से 5 सितंबर तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गणेश महोत्सव के दूसरे दिन सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने गणपति भगवान की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और समस्त श्रद्धालुओं के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

अपने संबोधन में आचार्य अवस्थी ने कहा कि भगवान गणेश भारतीय समाज में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता, नैतिक शिक्षाओं और सामाजिक प्रेरणा के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। वे न केवल आराध्य देव हैं बल्कि भारतीय जीवनदर्शन के मूल्यों, बुद्धि, विवेक, सदाचार और सामूहिकता के जीवंत प्रतीक भी हैं। उन्हें आदि देव और प्रथम पूज्य माना जाता है अर्थात् किसी भी शुभ कार्य, यज्ञ, विवाह, व्यापार या धार्मिक आयोजन की शुरुआत उनके स्मरण और पूजन से होती है। इस प्रकार के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और भारतीय संस्कृति की जीवंतता को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम बनते हैं। सिद्ध गणपति मंदिर ट्रस्ट, मंडी के प्रधान दीना नाथ व ट्रस्टी अनिल शर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में गणेश वंदना, श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ ,भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव को समाज में धार्मिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता के संदेश को समर्पित किया गया है। गणेश प्रतिमा की स्थापना एवं विसर्जन में पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि यह आयोजन नगर में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को संजोने का माध्यम है। इस अवसर पर डॉ.राकेश कुमार शर्मा सह अधिष्ठाता अकादमिक मामले एवं विभागाध्यक्ष इतिहास विभाग, अधीक्षक मोनिका कपूर, अजय कुमार, गणपती ट्रस्ट के प्रधान दिना नाथ सैनी, तारा चंद पटियाल, अनिल शर्मा, सुनील शर्मा, मुरारी शर्मा, अशोक गुप्ता, जी. सी. सैनी, चंद्रमणि वर्मा, विक्रम सैनी, प्रकाश कश्यप, संजय कुमार, रमेश सैनी, गीतिन्द्र सैनी महिला मंडल की प्रधान निशा सैनी, कृष्णा सैनी, शांता सैनी सहित गणमान्य उपस्थित रहे ।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Most Popular

To Top