
लखनऊ, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश विधान भवन व सचिवालय की सुरक्षा के लिए गठित विधान भवन रक्षक संघ उत्तर प्रदेश सचिवालय का आम चुनाव विधान भवन में गुरूवार को सम्पन्न हुआ। नौ पदाधिकारियों सहित 11 कार्यकारिणी सदस्यों के इस चुनाव में महामंत्री, उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री, प्रचार मंत्री, संगठन मंत्री, कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष के पदों के प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की।
चुनाव अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि दो वर्ष में होने वाले विधान भवन रक्षक संघ उत्तर प्रदेश सचिवालय चुनाव में सचिवालय सुरक्षा व सचिवालय फायर सेवा के 223 मतदाताओं में से 214 ने अपने मत का प्रयोग किया। 20 पदों के लिए 26 प्रत्याशियों ने भाग लिया, जिसमें अध्यक्ष जागेश्वर दयाल, उपाध्यक्ष पशुपतिनाथ तिवारी, महामंत्री अशोक कुमार यादव, कोषाध्यक्ष अमित वर्मा व संयुक्त मंत्री, प्रचार मंत्री, संगठन मंत्री, सह कोषाध्यक्ष, सम्प्रेक्षक सहित 11 कार्यकारिणी सदस्यों ने जीत दर्ज की। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण संपन्न हुए चुनाव में जल्द ही पदाधिकारियों को शपथ कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
चुनाव में अध्यक्ष पद के उपविजेता योगेंद्र सिंह ने अपनी हार स्वीकार करते हुए जीते हुए पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारणी नई ऊर्जा के साथ संघ को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, ऐसी मेरी कामना है। अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाले जागेश्वर दयाल ने कहा कि संघ को शासन, सरकार के समन्वय से कर्मियों की समस्याओं दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
महामंत्री पद के प्रत्याशी अशोक कुमार यादव ने निर्विरोध जीत दर्ज की। इस जीत पर उन्होंने समस्त सुरक्षा कर्मचारियों व अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सचिवालय सुरक्षा के कर्मचारियों के हर सुख- दुःख में साथ रहने का हर संभव प्रयास रहेगा। इसके साथ ही सरकार समक्ष सुरक्षा कर्मियों की समस्याओं को मजबूती से रखने के साथ हर संभव निवारण करने का प्रयास किया जायेगा। उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाले पशुपतिनाथ तिवारी समस्त अधिकारियों और मतदाताओं का धन्यवाद दिया।
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
