Jammu & Kashmir

वैष्णो देवी यात्रियों और डोडा हादसे पर कांग्रेस ने जताया गहरा शोक, सरकार से तत्काल राहत की मांग

जम्मू, 27 अगस्त (Udaipur Kiran) । जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हाल ही में आई भीषण बारिश और भूस्खलनों से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस त्रासदी में 34 वैष्णो देवी यात्री तथा डोडा जिले में 5 अन्य लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने एक संयुक्त बयान में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सरकार से अपील की कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

नेताओं ने डोडा जिले में भारी बारिश से हुई तबाही में 4 लोगों की मौत और 10 अन्य के घायल होने पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मृतकों के परिजनों को त्वरित एक्स-ग्रेशिया राहत दी जाए और घायलों के विशेष इलाज की व्यवस्था की जाए। प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बारिश, बाढ़, बादल फटने और भूस्खलनों से उत्पन्न स्थिति गंभीर है, इसलिए सभी संबंधित एजेंसियों को पूरी सतर्कता से लोगों की मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने राहत व बचाव कार्यों में लगे प्रशासन, सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों की सराहना भी की।

पार्टी अध्यक्ष ने पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रशासन की मदद करने और जनता के साथ खड़े रहने की अपील की। साथ ही आम लोगों से भी सावधानी बरतने और खतरनाक क्षेत्रों से दूर रहने का आग्रह किया।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top