
चित्तौड़गढ़, 27 अगस्त (Udaipur Kiran) । जिले में गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। गली एवं मोहल्ले में तथा चित्तौड़गढ़ शहर के घर-घर गणपति की प्रतिमाओं की स्थापना हो रही है। शहर में कई गणेश मंदिर है, जहां पर विशेष सजावट के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन शुरू हो गए हैं। इन सभी के बीच चित्तौड़गढ़ शहर में एक ऐसा मंदिर भी है, जहां भगवान गणेश के जन्मोत्सव के उपलक्ष में हुए हवन में 2200 लड्डुओं से आहुतियां दी गई। साथ ही 11 हजार लड्डुओं का भोग भी लगाया गया। शहर में स्थित हजारेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित गणेश प्रतिमा के समक्ष हुए हवन में मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां देते हुए सर्व मंगल के लिए कामना की गई।
जानकारी में सामने आया कि गणेश महोत्सव चित्तौड़गढ़ शहर में धूमधाम से मनाया जाता है। चित्तौड़गढ़ शहर के घर-घर में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाती है। वहीं मंदिरों में भी विभिन्न धार्मिक आयोजन होते हैं। इसी के तहत चित्तौड़गढ़ शहर में पावटा चौक स्थित हजारेश्वर महादेव मंदिर में गणेश महोत्सव मनाया गया। यहां सुबह भगवान गणपति की प्रतिमा का अभिषेक किया गया। मंदिर के श्रीमंत चंद्रभारती महाराज के सानिध्य में यह सभी धार्मिक आयोजन हुए। अपराह्न में भगवान गणेश की स्तुति करते हुए हवन किया गया। पंडितों के मंत्र कर के साथ हवन में आहुतियां दी गई। प्रत्येक मंत्र पर हवन कुंड में आहुतियां महंत व अन्य भक्तों द्वारा दी गई। इस हवन के माध्यम से सर्व मंगल के लिए कामना की गई। इस दौरान गुजरात के दाहोद से आए भक्त हर्षद भाई सोनी ने सपत्नीक हवन में आहुतियां दी। मंदिर आचार्य श्रवण सामवेदी ने मंत्रोच्चार कर हवन संपन्न करवाया। शाम को भगवान गणेश की महाराती हुई तथा भगवान गणेशजी के 11 हजार लड्डुओं का भोग लगाया।
—————
(Udaipur Kiran) / अखिल
