-गोरखपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के नामकरण की मांग उठी
चंडीगढ़, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा में मंगलवार को प्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहे स्व. बंसीलाल को याद किया गया। विधानसभा में मानसून सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को जब स्वर्गीय बंसी लाल को उनके जन्मदिन पर याद किया गया तो कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने फतेहाबाद स्थित गोरखपुर परमाणु सयंत्र का नाम स्वर्गीय बंसीलाल के नाम पर करने की मांग की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चार बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे बंसी लाल को जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 11 वर्षों से अधिक समय तक उन्होंने प्रदेश का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के चहुंमुखी विकास को सुनिश्चित किया, जिससे उन्हें प्रदेश का निर्माता कहा जाता है। वे सात बार हरियाणा विधानसभा के सदस्य, तीन बार लोकसभा के सदस्य और दो बार राज्यसभा के सदस्य रहे। केंद्र सरकार में भी उन्होंने रक्षा, परिवहन और रेलवे मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालकर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया।
चौधरी बंसी लाल की पौत्री और वर्तमान में महिला एवं बाल विकास और सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने एक आइएएस अधिकारी के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बंसी लाल की सरकार में भी बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां मिलती थी। उन्हें किताबों से बड़ा प्रेम था। जब भी कोई खास अवसर होता, वह उन्हें भेंट में पुस्तकें ही उपहार में देते थे। चौधरी बंसी लाल की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहीं श्रुति ने कहा कि विकास पुरुष कोई पोस्टर-बैनर से नहीं बनता, बल्कि वास्तव में धरातल पर किए कामों से ही यह पहचान मिलती है। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पूर्व मुख्यमंत्री से जुड़ी यादें ताजा करते हुए कहा कि चौधरी सुरेंद्र सिंह के स्वर्गवास के बाद चौधरी बंसी लाल ने श्रुति चौधरी के सिर पर पगड़ी रखकर बड़े सामाजिक बदलाव का संदेश दिया था। तब ऐसी हिम्मत चौधरी बंसी लाल जैसी शख्सीयत ही दिखा सकती थी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
