कलेसर वन क्षेत्र में बनेंगे चार बांध
चंडीगढ़, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए पिछले पांच वर्षों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाया। वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह के मुताबिक, पांच साल में सड़काें के दोनों ओर 5084.96 हेक्टेयर हरी पट्टी भूमि पर 38.94 लाख पौधे लगाए गए, जिनमें से लगभग 34.30 लाख पौधे आज भी हरे-भरे खड़े हैं। मंत्री का कहना है कि यह अभियान न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक है बल्कि सड़काें की खूबसूरती बढ़ाने और यात्रियों को ताजी हवा देने में भी मददगार साबित हो रहा है।
इंद्री से भाजपा विधायक रामकुमार कश्यप ने मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान ये दोनों सवाल उठाए थे। इसके जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि फिलहाल राज्य में सड़काें के किनारे 33,763.99 हेक्टेयर भूमि हरी पट्टी के रूप में उपलब्ध है। इस भूमि पर आने वाले समय में और पौधरोपण किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा को और अधिक हरा-भरा बनाया जाए ताकि वायु गुणवत्ता सुधरे और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सरकार अब जल संरक्षण पर भी जोर दे रही है। इसी कड़ी में यमुनानगर जिले के कलेसर वन रेंज में चार रोधक बांध बनाए जाएंगे। इन बांधों का निर्माण ख्यांवाला मेन खोल (गांव ख्यांवाला), भालू वाला खाला (गांव ख्यांवाला), बंदरिया खाली (गांव खजरी) और पानीवाला चो (गांव अगवाली) में होगा। बरसात के मौसम में पहाड़ों से आने वाले पानी के कारण खेत और घर जलभराव से डूब जाते हैं। बांध बनने के बाद किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
