RAJASTHAN

चौड़ा रास्ते में पुराने पेड़ की जगह लोगों ने बना दिया था कचरा डिपो, निगम ने सफाई कर वापस लगाया पौधा

निगम

जयपुर, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । शहर में ओपन कचरा डिपो को पूरी तरह से खत्म करने के लिए हेरिटेज निगम अनूठे प्रयास कर रहा है। चौड़ा रास्ता में लाल जी सांड के रास्ते के नुक्कड़ पर वर्षों पुराना पीपल का पेड़ अचानक गिर गया था इस जगह लोगों को कचरा डिपो बना दिया। हेरिटेज निगम ने इस ओपन कचरा डिपो को समाप्त कर वहां पर पेड़ लगा दिया ताकि आमजन को स्वच्छता के संदेश के साथ पेड़ की छांव मिल सके।

रिटेज निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने बताया कि शहर में कई जगहों पर ओपन कचरा डिपो बने हुए है। हालांकि निगम के हूपर वार्डो में घरों से कचरा ले रहे है, फिर भी लोगों में जागरूकता के अभाव से कचरा सड़क किनारे फेंक दिया जाता है। ऐसे में निगम प्रशासन ने ओपन कचरा डिपो को खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए उपायुक्त स्वास्थ्य युगांतर शर्मा को प्लान बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए है। जन सहयोग से ओपन कचरा डिपो को खत्म कर पौधारोपण, सौंदर्यीकरण, बैठने की जगह बनाने सहित अन्य सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे। जिससे आमजन को सुविधा मिलें, साथ ही सड़क पर कचरा फेंकना बंद हों। वहीं इस अवसर पर स्वच्छता समिति चेयरमैन पवन शर्मा नटराज ने मौजूद व्यापारियों से समझाइश कर कचरा हूपर में ही डालने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर कचरा न सिर्फ हमारे शहर अपितु हमारे स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। आमजन को ये बात समझनी चाहिए।

लाल जी सांड बाजार निवासी मोहन लाल शर्मा ने बताया कि पहले यहां पीपल का वृक्ष हुआ करता था। वो करीब 100 साल से अधिक पुराना था।करीब दो साल पहले बारिश में उसका एक भाग गिर गया तो लोगों ने उसे हटाकर कचरा डालना शुरू कर दिया। अब हेरिटेज निगम ने यहां पेड़ लगा दिया है इससे लोगों को बदबू की जगह छांव मिलेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top