
मुंबई, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल ने सोमवार को महाराष्ट्र सरकार को मराठा आरक्षण के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है।उन्होंने कहा कि अगर दो दिन में मराठा समाज को आरक्षण नहीं मिला तो चलो मुंबई मोर्चा 27 अगस्त से शुरू होगा और 29 मार्च से मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन शुरु किया जाएगा। जारांगे ने यह भी कहा कि अगर मराठा समाज को आरक्षण नहीं मिला तो सरकार भी नही रहेगी।
मनोज ने रविवार को बीड़ जिले में मराठा नेताओं के साथ बैठक की थी। इसके बाद सोमवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने दृढ़ता से कहा कि जब तक आरक्षण लागू नहीं हो जाता, वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि हम ट्रैफिक़ जाम नहीं करना चाहते। हमें मुंबई में कोई भी सडक़ दे दो। हम न्याय के लिए मुंबई आना चाहते हैं। हम किसी को परेशान नहीं करेंगे। हम चाकन होकर जा रहे हैं। हम कल्याण होकर नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस को मराठा मुद्दे को समझना चाहिए। उन्होंने कहा, हमें 10 प्रतिशत आरक्षण नहीं चाहिए, हमें हमारे हक का उचित आरक्षण चाहिए।
जारांगे ने कहा कि उन्होंने आज कोई नई मांग नहीं की है। उन्हें राज्य सरकार ने सगे संबंधियों के आधार पर मराठा समाज को कुनबी प्रमाण पत्र जारी करने का शासनादेश पारित किया था। यही शासनादेश लागू कर अगर मराठा समाज को कुनबी प्रमाणपत्र दिया गया तो मराठा समाज को ओबीसी आरक्षण कोटे से आरक्षण मिल जाएगा। जबकि सरकार उन्हें अलग से दस फीसदी आरक्षण देने की बात कर रही है, जो सिर्फ छलावा है और यह कोर्ट में टिकने वाला नहीं है।उन्होंने कहा कि अभी भी सरकार के पास दो दिन का समय है, अगर सरकार ने इन दो दिनों में उनकी मांगें पूरी नहीं की तो उनका मोर्चा २७ अगस्त से जालना जिले के अंतरवाली सराटी से शुरु हो जाएगा और २९ अगस्त को मुंबई के आजाद मैदान में पहुंचकर सरकार के विरोध में प्रदर्शन शुरु कर दिया जाएगा।
_______________
(Udaipur Kiran) यादव
