West Bengal

विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी, प्रदेश भाजपा लगाएगी ‘कार्यकर्ता बंधुओं का दरबार’

कोलकाता, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । राज्य में विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने बाकी हैं। नए साल की शुरुआत के साथ ही चुनावी बिगुल बज जाएगा। उसके पहले प्रदेश भाजपा संगठन को और चंगा करने में जुटी है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य अगले महीने से एक नया कार्यक्रम शुरू करने जा रहे हैं – ‘कार्यकर्ता बंधुओं का दरबार’।

इस कार्यक्रम के तहत हर सोमवार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कार्यकर्ताओं की शिकायतें और समस्याएं सुनेंगे। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक कोलकाता स्थित मुरलीधर सेन लेन के भाजपा राज्य मुख्यालय में यह संवाद चलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन की जमीनी खामियों और असंतोष को सामने लाकर उसका समाधान खोजना है।

दअरसल प्रदेश भाजपा में गुटबाज़ी और आपसी कलह के कारण संगठन को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। निचले स्तर के कार्यकर्ताओं में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। इस असंतोष को दूर करने और संगठन को मजबूत करने के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पहल की है।

हर सोमवार आयोजित होने वाला उनका कार्यक्रम ‘कार्यकर्ता बंधुओं का दरबार’ इसी रणनीति का हिस्सा है। इसमें सीधे सामान्य कार्यकर्ताओं से संवाद कर शमिक भट्टाचार्य संगठन से जुड़ी समस्याओं को सुलझाने की कोशिश करेंगे।

जुलाई महीने में ही सुकांत मजूमदार की जगह शमिक भट्टाचार्य को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई है। 2026 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए वे संगठन को मजबूती देने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर फोकस कर रहे हैं। तृणमूल के खिलाफ सीधी लड़ाई के लिए भाजपा संगठन को मजबूत करना अनिवार्य मान रही है, और यही वजह है कि नए अध्यक्ष ने यह नया कदम उठाया है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top