
फिरोजाबाद, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । थाना फरिहा क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को एक लापता महिला का शव चरी के खेत में मिला है। उसके गले पर चोटों के निशान है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है और घटना की जांच में जुट गई है।
थाना फरिहा क्षेत्र के गांव लखी जंगल निवासी रामलली (40) शनिवार को खेत पर बकरी चराने गई थी। जिसके बाद वह घर नहीं लौटी और लापता हो गई। महिला के घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने खोजबीन शुरू कर दी लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। जिसके बाद परिजनों ने थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला के परिजन व थाना पुलिस महिला की तलाश कर रही थी। रविवार को ग्रामीणों ने एक महिला का शव खेत में पड़ा देखा तो वह हैरान रह गए। महिला की पहचान रामलली के रूप में परिजनों ने की। सूचना पर थाना पुलिस के साथ एसएसपी देहात त्रिगुण बिसेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मृतका के गले पर चोटों के निशान है। परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक देहात त्रिगुण बिसेन का कहना है कि एक महिला बकरी चराने गई थी तभी लापता हो गई। आज उसका शव खेत में मिला है। गले पर चोटों के निशान है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। घटना की जांच कर कार्यवाही की जा रही है।
(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़
