RAJASTHAN

रंग ला रहा है राजस्थान पुलिस का सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी अभियान

रंग ला रहा है राजस्थान पुलिस का “सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी” अभियान
रंग ला रहा है राजस्थान पुलिस का “सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी” अभियान

जयपुर, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । राजस्थान पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा और जागरूकता को नई दिशा देने के लिए चलाए जा रहे “सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी” अभियान के तहत रविवार को राजधानी में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान रविवार को अपने पाँचवें दिन में पहुँचा।

पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता मीणा के नेतृत्व में कालिका महिला पेट्रोलिंग टीम ने जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए और लाइव डेमो प्रस्तुत किया। साथ ही, उन्हें राजकॉप सिटीजन ऐप और महिला हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने ‘वॉक एंड टॉक’ कार्यक्रम के जरिए विधानी चौराहा, पीजी हॉस्टल, राजस्थान यूनिवर्सिटी हॉस्टल और अल्बर्ट हॉल पर महिलाओं व नागरिकों से संवाद कर आत्मविश्वास का संदेश दिया।

अल्बर्ट हॉल पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अभियान की खास झलक देखने को मिली, जिसे दर्शकों ने सराहा। सुनीता मीणा ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। बेटियाँ आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनें, यही अभियान का उद्देश्य है।

अभियान के पाँचवें दिन तक जयपुर पुलिस ने शहर के 25 स्कूलों और कॉलेजों में जाकर हजारों छात्राओं को सुरक्षा कानूनों और अधिकारों की जानकारी दी। सैकड़ों बालिकाओं को ‘सुरक्षा वॉरियर’ के रूप में चयनित कर बैज भी वितरित किए गए। लगातार हो रही बारिश के बावजूद महिला पुलिस अधिकारी बस्तियों व पार्कों में जाकर जागरूकता कार्यक्रम चला रही हैं।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top