मुंबई, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के मराठा नेता मनोज जारांगे ने रविवार को बीड़ जिले में कहा कि मराठा आरक्षण के लिए उनका प्रदर्शन 29 अगस्त से मुंबई में होगा और यह प्रदर्शन मराठा आरक्षण मिलने के बाद ही खत्म किया जाएगा।
मनोज जारांगे पाटिल आज बीड़ जिले में मराठा समाज की सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मराठा आरक्षण देने की घोषणा की थी, लेकिन उनकी मांग को अब तक पूरा नहीं किया गया है। इससे मराठा समाज के बच्चों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मनोज ने कहा कि अब उन्होंने तय किया है कि मराठा आरक्षण के लिए वे मुंबई में प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए वे 27 अगस्त को अंतरवाली सराटी से मुंबई के लिए रवाना होंगे और 29 अगस्त को मुंबई पहुँचेंगे। उन्होंने मराठा भाइयों से किसी भी तरह से मुंबई में प्रवेश करने की अपील की है। उन्होंने मुंबई में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने की अपील की। अगर कोई पत्थरबाजी और आगजनी कर रहा है, तो उसे पकडक़र पुलिस के हवाले करने की उन्होंने अपील की है । उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मराठों को आरक्षण नहीं मिल जाता, वह पीछे नहीं हटेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
